डीसीएम डिवाइडर से टकराकर अंडरपास में गिरी, 2 की मौत
गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे पर हुई दर्दनाक घटना
पूर्वा टाइम्स- डॉ अनिल गौतम
गोरखपुर। खजनी थाना क्षेत्र स्थित लिंक एक्सप्रेस-वे पर रविवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।हरनहीं अंडरपास के पास तेज रफ्तार डीसीएम अनियंत्रित होकर पहले डिवाइडर से टकराई और फिर उसे तोड़ते हुए अंडरपास के नीचे जा गिरी। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। मिली जानकारी के अनुसार डीसीएम फतेहपुर कानपुर से गोरखपुर की ओर फॉर्च्यून कंपनी का माल लेकर आ रही थी। सुबह करीब 4:30 बजे हरनहीं अंडरपास के पास पहुंचते ही चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। तेज रफ्तार के कारण डीसीएम डिवाइडर से जोरदार टकराई और अंडरपास के नीचे जा गिरी।
हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तत्काल बांसगांव थाना क्षेत्र की हरनहीं चौकी पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही हरनहीं चौकी प्रभारी सब-इंस्पेक्टर राजेंद्र कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद डीसीएम में फंसे दोनों लोगों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
पुलिस के अनुसार, मृतकों की उम्र लगभग 45 से 46 वर्ष के बीच है। प्रथम दृष्टया दोनों की पहचान डीसीएम चालक और खलासी के रूप में होने की आशंका है। फिलहाल उनकी शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पहचान के लिए संबंधित थानों को सूचना दी गई है।हरनहीं चौकी प्रभारी एसआई राजेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार और चालक को नींद की झपकी आना प्रतीत हो रहा है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने लिंक एक्सप्रेस-वे की सुरक्षा व्यवस्था और निर्माण गुणवत्ता पर भी सवाल उठाए हैं। लोगों का कहना है कि ऐसे संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा के बेहतर इंतजाम किए जाने चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाओं से बचा जा सके। फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।








