दुकानदार के घर हुई लाखों की चोरी, अभी तक नहीं हुई कोई कार्रवाई
पांच बेटियों की शादी के सपने भी चोर ले गए
पूर्वा टाइम्स- डॉ अनिल गौतम
गोरखपुर। गोला कस्बा के वार्ड नंबर 6 निवासी एक छोटे दुकानदार राजकुमार के घर हुई चोरी ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया है। तीन दिन पहले चोर उनके घर से करीब 6.5 लाख रुपये के शादी के लिए रखे गए जेवरात चोरी कर ले गए।बताया जा रहा है कि राजकुमार अपनी छोटी-सी दुकान चलाकर किसी तरह परिवार का पालन-पोषण करते हैं। उनके सिर पर पांच बेटियों की जिम्मेदारी है और उन्हीं बेटियों की शादी के लिए वर्षों की मेहनत से जोड़े गए गहने पलभर में चोरी हो गए।सबसे दुखद बात यह है कि पीड़ित द्वारा थाना गोला में सूचना देने के बावजूद अब तक न तो मुकदमा दर्ज होने की बात सामने आई है और न ही कोई ठोस जांच या कार्रवाई दिखाई दे रही है। इससे पीड़ित परिवार खुद को असहाय और निराश महसूस कर रहा है।एक गरीब पिता के लिए बेटियों की शादी का सपना केवल गहनों का नहीं, बल्कि उसकी पूरी जिंदगी की कमाई, मेहनत और उम्मीदों का सपना होता है। जब वही सपना अपराधियों के हाथों लूट लिया जाए और उसके बाद भी उसे न्याय न मिले, तो यह केवल एक परिवार की नहीं बल्कि पूरे समाज की पीड़ा बन जाती है। पीड़ित परिवार ने
प्रशासन से मांग की है कि इस मामले में तत्काल मुकदमा दर्ज कर निष्पक्ष जांच कराई जाए, आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जाए, अपराधियों को जल्द गिरफ्तार कर चोरी गया सामान बरामद कराया जाए। यदि समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो लोगों का कानून और व्यवस्था पर विश्वास कमजोर होगा।
साथ ही समाज के सक्षम लोगों से भी अपील है कि इस कठिन समय में पीड़ित परिवार का मनोबल बढ़ाएं और यथासंभव सहयोग करें। आज यह दर्द किसी और के घर है, कल किसी भी परिवार के साथ हो सकता है। न्याय दिलाना केवल प्रशासन ही नहीं, बल्कि पूरे समाज की भी जिम्मेदारी है।








