प्रसव के बाद महिला की हुई मौत,सीएचसी बांसगांव पर परिजनों का हंगामा
पूर्वा टाइम्स- डॉ अनिल गौतम
गोरखपुर। बांसगांव सीएचसी में प्रसव के बाद एक महिला की मौत हो जाने से क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बांसगांव में जमकर हंगामा किया और चिकित्सकों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए धरने पर बैठ गए। प्राप्त
जानकारी के अनुसार, महिला को प्रसव पीड़ा होने पर सीएचसी बांसगांव में भर्ती कराया गया था। डॉक्टरों की निगरानी में ऑपरेशन के माध्यम से महिला ने एक बच्ची को जन्म दिया। प्रसव के बाद अचानक महिला की तबीयत बिगड़ने लगी। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे तत्काल बीआरडी मेडिकल कॉलेज, गोरखपुर रेफर कर दिया।परिजनों का आरोप है कि समय पर उचित उपचार नहीं मिलने और लापरवाही के कारण महिला की हालत लगातार बिगड़ती गई। मेडिकल कॉलेज पहुंचने के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। महिला की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।घटना से नाराज परिजन शव लेकर सीएचसी बांसगांव पहुंचे और अस्पताल परिसर में धरने पर बैठ गए। उन्होंने दोषी चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा परिजनों को समझाने का प्रयास किया।
अस्पताल प्रशासन का कहना है कि महिला की हालत गंभीर होने के कारण बेहतर इलाज के लिए समय रहते मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया था। मामले की जांच कराई जाएगी और यदि किसी स्तर पर लापरवाही पाई जाती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में रखते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं, महिला की मौत से परिवार में शोक का माहौल है और नवजात बच्ची के भविष्य को लेकर परिजन चिंतित हैं।








