सड़क दुर्घटना में वृद्ध महिला घायल, आरोपी चालक के खिलाफ केस दर्ज

पूर्वा टाइम्स -बेचन शर्मा

सहजनवा गोरखपुर। गीडा थाना क्षेत्र के ग्राम बोक्टा में तेज रफ्तार चार पहिया वाहन की टक्कर से एक वृद्ध महिला गंभीर रूप से घायल हो गई थी। पीड़िता की बहू की तहरीर पर गीडा पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी से ग्राम बोकटा निवासी संध्या पत्नी अनुराग यादव ने आरोप लगाया है कि 23 जुलाई 2026 की शाम करीब 7:30 बजे उनकी सास विसाती देवी घर के सामने स्थित दुकान पर बैठी थीं। इसी दौरान गांव निवासी सत्येन्द्र यादव पुत्र ओमप्रकाश यादव अपनी चार पहिया वाहन को तेज रफ्तार एवं लापरवाही से चलाते हुए पीछे से आए और वृद्ध महिला को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में वृद्धा गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के बाद आरोपी चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। परिजनों ने तत्काल 108 एम्बुलेंस की सहायता से घायल महिला को सीएचसी सहजनवा पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए झुंगिया स्थित एक निजी अस्पताल में हो रही है। पुलिस ने वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *