दरवाजे पर निकले युवक को लगा करंट, 19 वर्षीय छात्र की मौत

मां बचाने दौड़ी, गंभीर हालत में एम्स ले जाया गया, डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

गोरखपुर। झंगहा थाना क्षेत्र के राघोपट्टी पड़री फैलहा टोला में करंट लगने से एक 19 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान नितिन विश्वकर्मा के रूप में हुई है, जो इंटरमीडिएट पास छात्र था। यह हादसा बीती रात करीब 9:30 बजे उस समय हुआ, जब वह अपने घर के दरवाजे पर निकला था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नितिन रात में घर के बाहर लघुशंका के लिए निकला था। अंधेरा होने के कारण उसे पास खड़े बिजली के खंभे का अंदाजा नहीं हुआ और उसका शरीर खंभे से छू गया। बताया जा रहा है कि खंभे में उस समय तेज करंट प्रवाहित हो रहा था, जिससे वह उसकी चपेट में आ गया। करंट लगते ही नितिन जोर-जोर से चिल्लाने लगा।
बेटे की चीख सुनकर उसकी मां मीना देवी घर से दौड़कर मौके पर पहुंचीं और उसे बचाने का प्रयास किया। हालांकि करंट का झटका इतना तेज था कि नितिन गंभीर रूप से झुलस गया और कुछ ही क्षणों में जमीन पर गिर पड़ा। शोर सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर जुट गए और बिजली सप्लाई बंद कराकर उसे किसी तरह खंभे से अलग किया गया।
आनन-फानन में परिजन और ग्रामीण नितिन को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) ब्रह्मपुर ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद गोरखपुर एम्स रेफर कर दिया। एम्स पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
परिजनों के अनुसार, नितिन के पिता राजेश विश्वकर्मा का पहले ही निधन हो चुका है। परिवार में उसकी मां मीना देवी और बड़ा भाई विशाल विश्वकर्मा हैं, जो महाराष्ट्र में रहकर मजदूरी करता है। बेटे की असामयिक मौत से मां का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक का माहौल है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में बिजली विभाग के प्रति आक्रोश भी देखा गया। ग्रामीणों का कहना है कि खुले में करंट दौड़ना गंभीर लापरवाही है और इसकी जांच कर जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *