कारगिल विजय दिवस पर सहजनवा थाने में वीर सैनिकों का हुआ सम्मान, जवानों ने साझा किए युद्ध के अनुभव

पूर्वा टाइम्स -बेचन शर्मा

सहजनवा गोरखपुर।कारगिल विजय दिवस के अवसर पर रविवार को सहजनवा थाने में देश की रक्षा के लिए अदम्य साहस का परिचय देने वाले कारगिल युद्ध के सेवानिवृत्त वीर सैनिकों का सम्मान किया गया। इस अवसर पर कारगिल युद्ध में हिस्सा लेने वाले कैप्टन ओमप्रकाश मिश्रा, सूबेदार जयप्रकाश सिंह एवं सूबेदार एस.के. शर्मा सहजनवा थाने पहुंचे, जहां थाना प्रभारी संजय कुमार मिश्रा, वरिष्ठ उपनिरीक्षक बलराम पांडेय तथा समस्त पुलिसकर्मियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत करते हुए कारगिल विजय दिवस की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम के दौरान वीर सैनिकों ने वर्ष 1999 के कारगिल युद्ध की यादें साझा करते हुए बताया कि दुर्गम पहाड़ों, विषम मौसम और दुश्मन की लगातार गोलाबारी के बीच भारतीय सेना ने अदम्य साहस, अनुशासन और देशभक्ति का परिचय देते हुए विजय हासिल की थी। उन्होंने कहा कि कारगिल विजय दिवस केवल एक तिथि नहीं, बल्कि भारतीय सैनिकों के शौर्य, बलिदान और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक है।
थाना प्रभारी संजय कुमार मिश्रा ने कहा कि कारगिल के वीरों का साहस और बलिदान देशवासियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। उन्होंने कहा कि ऐसे रणबांकुरों का सम्मान करना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं जवानों ने वीर सैनिकों का अभिनंदन करते हुए उनके उत्कृष्ट योगदान के प्रति सम्मान व्यक्त किया। पूरा थाना परिसर “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के नारों से गूंज उठा तथा सभी ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा के लिए सदैव समर्पित रहने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *