घर के बंद कमरे में फंदे से लटका मिला युवक, जांच में जुटी पुलिस.

पूर्वा टाइम्स – समाचार

सोनभद्र -रायपुर थाना क्षेत्र के करही गांव में रविवार सुबह एक 35 वर्षीय युवक अपने घर के कमरे में फंदे से लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मामले की जांच के लिए फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान करही गांव निवासी बबुन्दर पासवान (35) पुत्र रामरती पासवान के रूप में हुई है। शनिवार रात वह शराब के नशे में घर लौटा था, जिसके बाद उसकी पत्नी से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। विवाद के बाद बबुन्दर अपने कमरे में सोने चला गया। रविवार सुबह काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुलने पर परिजनों को आशंका हुई। कई बार आवाज लगाने के बावजूद अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर उन्होंने दरवाजा तोड़ दिया। अंदर बबुन्दर साड़ी के फंदे के सहारे छत से लटका मिला। परिजनों ने तत्काल उसे नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी विजय चौरसिया पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद फोरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर बारीकी से जांच की और आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना के संबंध में जानकारी जुटाई। थाना प्रभारी विजय चौरसिया ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पत्नी से विवाद के बाद युवक द्वारा फंदा लगाने की बात सामने आई है। जांच के दौरान यह भी जानकारी मिली है कि मृतक शराब के नशे में अक्सर पत्नी से विवाद करता था। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *