श्रावण मास की तैयारियों का जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने किया स्थलीय निरीक्षण

रामसरोवर से कांवड़ मार्ग पर लगभग 5 किलोमीटर तक होगी लाइटिंग व्यवस्था, अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत को दिए निर्देश

विजयगढ़ दुर्ग में रामसरोवर तक प्रकाश, साफ-सफाई एवं सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने के निर्देश

कांवड़ियों की सुरक्षा एवं सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता, शासन की मंशा के अनुरूप हों सभी व्यवस्थाएं*

पूर्वा टाइम्स – समाचार

सोनभद्र। आगामी श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा को सकुशल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी चर्चित गौड़ एवं पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने आज ऐतिहासिक विजयगढ़ दुर्ग एवं रामसरोवर का स्थलीय निरीक्षण कर कांवड़िया श्रद्धालुओं के लिए की जा रही व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को विजयगढ़ दुर्ग तक जाने वाली सीढ़ियों के ऊपर स्थित प्रवेश द्वार की आवश्यक मरम्मत शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने जिला पंचायत राज अधिकारी को विजयगढ़ दुर्ग की सीढ़ियों से रामसरोवर तक पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था एवं नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। साथ ही अपर मुख्य अधिकारी, जिला पंचायत को निर्देशित किया कि रामसरोवर से जल भरकर जिस लगभग 5 किलोमीटर लंबे मार्ग से कांवड़िया श्रद्धालु वापस अपने गंतव्य की ओर प्रस्थान करेंगे, उस पूरे मार्ग पर समुचित लाइटिंग की व्यवस्था प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित कराई जाए, ताकि रात्रिकाल में भी श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।
जिलाधिकारी ने कहा कि रामसरोवर आने वाले कांवड़ियों एवं श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। प्रमुख स्थलों एवं मार्गों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं, साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य मूलभूत सुविधाएं समयबद्ध ढंग से उपलब्ध कराई जाएं। सभी विभाग आपसी समन्वय स्थापित करते हुए कार्य करें तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा शिथिलता न बरती जाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार एवं माननीय मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित, स्वच्छ एवं सुविधायुक्त वातावरण उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने संबंधित पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि विजयगढ़ दुर्ग, रामसरोवर एवं संपूर्ण कांवड़ मार्ग पर सुरक्षा के व्यापक एवं पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं। प्रमुख स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से सतत निगरानी, संवेदनशील स्थानों पर विशेष चौकसी, रात्रिकालीन गश्त तथा प्रभावी यातायात प्रबंधन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था ऐसी हो कि प्रत्येक श्रद्धालु स्वयं को सुरक्षित महसूस करे तथा कांवड़ यात्रा पूरी तरह शांतिपूर्ण, व्यवस्थित एवं निर्बाध रूप से संपन्न हो।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) बगीश कुमार शुक्ल, जिला पंचायत राज अधिकारी नमित शरण, अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत, पुलिस विभाग के अधिकारीगण, संबंधित विभागों के अधिकारी तथा स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *