संचारी एवं दस्तक अभियान में तेजी, उच्च जोखिम वाले गांवों में विशेष सफाई एवं स्वास्थ्य सर्वे जारी

जिलाधिकारी के निर्देश पर जनपद में संचारी रोगों की रोकथाम हेतु व्यापक अभियान संचालित

पूर्वा टाइम्स – समाचार
सोनभद्र, 25 जुलाई 2026।
जनपद सोनभद्र में संचारी रोगों की रोकथाम एवं जनस्वास्थ्य सुरक्षा को लेकर 01 जुलाई, 2026 से संचारी रोग नियंत्रण अभियान तथा 11 जुलाई, 2026 से दस्तक अभियान प्रभावी रूप से संचालित किया जा रहा है। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ के निर्देशानुसार उच्च जोखिम वाले ग्रामों में माइक्रोप्लान के अनुरूप विशेष साफ-सफाई अभियान चलाया जा रहा है। अभियान में सफाईकर्मी, पंचायत सहायक, आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियां तथा ग्राम प्रधान सक्रिय सहभागिता निभा रहे हैं। साथ ही ग्रामीणों को संक्रामक रोगों से बचाव, स्वच्छता एवं व्यक्तिगत साफ-सफाई के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
अभियान के अंतर्गत गांवों में झाड़ियों की कटाई, नालियों की सफाई, खराब हैंडपंपों का चिन्हीकरण एवं मरम्मत, शौचालय निर्माण, फॉगिंग तथा विभिन्न जनजागरूकता कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। अब तक 2,416 स्थानों पर झाड़ियों की कटाई, 2,421 हैंडपंपों की मरम्मत, 1,031 हैंडपंप चबूतरों की मरम्मत, 638 शौचालयों का निर्माण, ग्रामीण क्षेत्रों में 1,340 तथा शहरी क्षेत्रों में 1,397 नालियों की सफाई का कार्य पूर्ण किया जा चुका है। इसके अतिरिक्त ग्राम सभाओं, प्रभात फेरियों एवं कृतंक नियंत्रण संबंधी गोष्ठियों के माध्यम से भी लोगों को जागरूक किया जा रहा है।
दस्तक अभियान के तहत घर-घर स्वास्थ्य सर्वेक्षण कर अब तक 4,843 बुखार से पीड़ित व्यक्तियों की पहचान की गई है तथा 4,757 लोगों की आरडीटी किट से जांच की गई, जिनमें 9 मलेरिया संक्रमित पाए गए। इसके अतिरिक्त 528 आईएलआई (खांसी-जुकाम) के लक्षणयुक्त तथा 172 क्षय रोग के संभावित लक्षण वाले व्यक्तियों को चिन्हित कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श एवं जांच के लिए संदर्भित किया गया। साथ ही डायरिया के 119 संभावित रोगियों की भी पहचान की गई है।
जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्देशित किया है कि अभियान को पूरी गंभीरता के साथ संचालित करते हुए स्वच्छता, स्वास्थ्य जागरूकता एवं रोगियों की समयबद्ध पहचान एवं उपचार सुनिश्चित किया जाए, ताकि जनपद को संचारी रोगों से सुरक्षित रखा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *