जिलाधिकारी के निर्देशन में निजी अस्पतालों पर बड़ी कार्रवाई, क्रीघा हॉस्पिटल व दुर्गा पॉली क्लिनिक सीज | जीवनदीप हॉस्पिटल की ओटी सीज, सहारा हॉस्पिटल को आयुष्मान योजना से डी-पैनल करने की संस्तुति

पूर्वा टाइम्स – समाचार

सोनभद्र -जिलाधिकारी चर्चित गौड़ के निर्देशन में जनपद में संचालित निजी चिकित्सालयों, नर्सिंग होम एवं क्लीनिकों के विरुद्ध विशेष निरीक्षण अभियान चलाया गया। मुख्य चिकित्साधिकारी के निर्देशन में अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. गुलाब शंकर, उपजिलाधिकारी रॉबर्ट्सगंज एवं क्षेत्राधिकारी रॉबर्ट्सगंज की संयुक्त टीम द्वारा विभिन्न चिकित्सकीय प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान पंचशील हॉस्पिटल, छपका एवं बनारस पॉली क्लिनिक, उरमौरा में व्यवस्थाएं संतोषजनक एवं मानकों के अनुरूप पाई गईं। वहीं क्रीघा हॉस्पिटल, पन्नूगंज रोड में चिकित्सक अनुपस्थित मिलने पर ओपीडी, वार्ड एवं ऑपरेशन थिएटर को तत्काल प्रभाव से सीज कर दिया गया। जीवनदीप हॉस्पिटल, कम्हारी में भर्ती मरीजों के अभिलेखों में गंभीर अनियमितताएं पाए जाने तथा एनेस्थीसिया विशेषज्ञ के नोट्स उपलब्ध न होने पर अस्पताल की ओटी सीज कर दी गई।
सहारा हॉस्पिटल, बभनौली में मरीजों के चिकित्सकीय अभिलेख अपूर्ण पाए जाने पर आयुष्मान भारत योजना से डी-पैनल किए जाने की संस्तुति शासन को भेजी जा रही है। इसके अतिरिक्त दुर्गा पॉली क्लिनिक में लगातार दूसरी बार चिकित्सक अनुपस्थित मिलने पर क्लिनिक को सीज कर दिया गया। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही, मानकों की अनदेखी अथवा नियमों के उल्लंघन पर कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *