जन चौपाल में पढ़ी जा रही आवास प्लस सर्वेक्षण-2024 की पात्रता सूची, ग्रामीणों को आपत्ति दर्ज कराने का अवसर
पारदर्शिता, जनसहभागिता और पात्र लाभार्थियों के चयन को सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल
पूर्वा टाइम्स – समाचार
सोनभद्र -प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत आवास प्लस सर्वेक्षण-2024 की पात्रता सूची जनपद सोनभद्र की ग्राम पंचायतों में जन चौपाल के माध्यम से सार्वजनिक रूप से पढ़कर सुनाई जा रही है। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ के निर्देश के क्रम में संचालित इस प्रक्रिया का उद्देश्य योजना के अंतर्गत पात्र एवं जरूरतमंद परिवारों का निष्पक्ष एवं पारदर्शी चयन सुनिश्चित करना है। जन चौपाल के दौरान ग्रामवासियों के समक्ष पात्रता सूची प्रस्तुत की जा रही है, जिससे प्रत्येक नागरिक सूची का अवलोकन कर सके तथा सूची में शामिल किसी भी नाम के संबंध में तथ्यात्मक आपत्ति होने पर उसे दर्ज करा सके। प्राप्त आपत्तियों का परीक्षण कर नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि जन चौपाल की कार्यवाही पूर्ण पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ संपन्न कराई जाए तथा ग्रामीणों को अपनी बात रखने का पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप योजना का लाभ केवल वास्तविक एवं पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाना प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। उन्होंने जनपदवासियों से अपील की है कि वे जन चौपाल में सक्रिय सहभागिता करें तथा यदि सूची में किसी प्रकार की त्रुटि अथवा आपत्ति हो तो उसे समयबद्ध रूप से दर्ज कराएं, ताकि पात्र परिवारों को योजना का लाभ सुनिश्चित किया जा सके। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत यह पहल पारदर्शी प्रशासन, जनभागीदारी एवं सामाजिक उत्तरदायित्व को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।









