मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय गोरखपुर का 5 अगस्त, 2026 को 11 वाँ दीक्षांत समारोह आयोजित

एचपीसीएल के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक श्री विकास कौशल एमएमएमयूटी के 11वें दीक्षांत समारोह के मुख्य अतिथि होंगे

गोरखपुर,। । मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, गोरखपुर के 11वें दीक्षांत समारोह को हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एचपीसीएल) के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक (सीएमडी) श्री विकास कौशल मुख्य अतिथि के रूप में सुशोभित करेंगे। विश्वविद्यालय का 11वां दीक्षांत समारोह आगामी 5 अगस्त, 2026 को आयोजित किया जाएगा।

विश्वविद्यालय की माननीय कुलाधिपति महोदया द्वारा श्री विकास कौशल को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किए जाने के प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। इस संबंध में माननीय कुलाधिपति सचिवालय द्वारा विश्वविद्यालय को औपचारिक स्वीकृति पत्र प्राप्त हो गया है।

ऊर्जा क्षेत्र के एक प्रतिष्ठित कॉर्पोरेट नेता के रूप में श्री विकास कौशल का व्यापक अनुभव और नेतृत्व क्षमता विद्यार्थियों, शोधार्थियों तथा युवा इंजीनियरों के लिए प्रेरणास्रोत है। विश्वविद्यालय को विश्वास है कि दीक्षांत समारोह में उनका संबोधन विद्यार्थियों को अपने पेशेवर एवं व्यक्तिगत जीवन में उत्कृष्टता प्राप्त करने के लिए प्रेरित करेगा।

श्री विकास कौशल वर्तमान में हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एचपीसीएल) के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक हैं। उन्होंने मार्च 2025 में इस पद का कार्यभार ग्रहण किया। एचपीसीएल भारत की अग्रणी महारत्न सार्वजनिक क्षेत्र की ऊर्जा कंपनियों में से एक है।

श्री कौशल को ऊर्जा, तेल एवं गैस, विद्युत, नवीकरणीय ऊर्जा तथा प्रक्रिया उद्योगों में तीन दशकों से अधिक का अनुभव प्राप्त है। वे रणनीतिक नेतृत्व, संगठनात्मक परिवर्तन तथा व्यावसायिक उत्कृष्टता के लिए व्यापक रूप से जाने जाते हैं।

उन्होंने पंजाब विश्वविद्यालय से रासायनिक अभियांत्रिकी (केमिकल इंजीनियरिंग) में स्नातक की उपाधि प्राप्त की तथा भारतीय प्रबंध संस्थान (आईआईएम), अहमदाबाद से प्रबंधन में स्नातकोत्तर (एमबीए) किया। एचपीसीएल से जुड़ने से पूर्व उन्होंने वैश्विक प्रबंधन परामर्श संस्था कीर्नी (पूर्व में ए.टी. कीर्नी) में दो दशकों से अधिक समय तक विभिन्न महत्वपूर्ण नेतृत्वकारी भूमिकाओं में कार्य किया।

वे कीर्नी इंडिया के प्रबंध निदेशक एवं कंट्री हेड रहे तथा बाद में ऊर्जा एवं प्रक्रिया उद्योगों के वैश्विक प्रमुख के रूप में कार्य करते हुए दुनिया की प्रमुख ऊर्जा कंपनियों को रणनीति, ऊर्जा संक्रमण, डिजिटल परिवर्तन, परिचालन दक्षता, स्थिरता और विकास संबंधी विषयों पर परामर्श प्रदान किया।

श्री विकास कौशल को भारत के सार्वजनिक क्षेत्र की तेल विपणन कंपनियों में शीर्ष नेतृत्व की जिम्मेदारी संभालने वाले पहले निजी क्षेत्र के पेशेवर के रूप में भी विशेष पहचान प्राप्त है। वे कीर्नी के वैश्विक निदेशक मंडल के लिए दो बार निर्वाचित हुए तथा वित्त, लेखा-परीक्षा एवं प्रशासनिक समितियों के अध्यक्ष के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं।

कॉर्पोरेट प्रशासन, ऊर्जा क्षेत्र के आधुनिकीकरण तथा संस्थागत परिवर्तन में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए उन्हें उद्योग जगत में व्यापक सम्मान प्राप्त है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *