शादी न कराने से नाराज बेटे ने किया पिता की हत्या

पूर्वा टाइम्स- डॉ अनिल गौतम
गोरखपुर। गुलरिहा थाना क्षेत्र के जंगल अयोध्या प्रसाद नौका टोला में 25 वर्षीय युवक गोलू ने अपने पिता ब्रम्हदेव कन्नौजिया (50) की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी। घटना बुधवार देर रात करीब 2 बजे की बताई जा रही है। हत्या के बाद आरोपी घर की छत पर चढ़ गया और जोर-जोर से चिल्लाते हुए लोगों को बताया कि उसने अपने पिता को मार डाला है क्योंकि वह उसकी शादी नहीं करवा रहे थे। मिली जानकारी के मुताबिक गोलू काफी समय से अपनी शादी को लेकर परेशान था और पिता पर लगातार शादी कराने का दबाव बना रहा था। बुधवार रात भी इसी बात को लेकर पिता-पुत्र के बीच विवाद हुआ था। इसके बाद ब्रम्हदेव घर के बाहर चारपाई पर सो गए, जबकि गोलू छत पर चला गया। देर रात वह नीचे उतरा और सो रहे पिता पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।शोर सुनकर पड़ोसी और परिवार के लोग मौके पर पहुंचे तो ब्रम्हदेव का शव खून से लथपथ पड़ा मिला। सूचना मिलने पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने आरोपी गोलू को हिरासत में ले लिया है।प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वह मानसिक रूप से परेशान था और उसका इलाज भी चल रहा था।पुलिस के अनुसार, दो महीने पहले उसकी मां की मौत के बाद वह डिप्रेशन में रहने लगा था। फिलहाल शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।








