युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत पर उठे सवाल
भीम आर्मी ने की सीबीआई जांच की मांग
पूर्वा टाइम्स- डॉ अनिल गौतम
गोरखपुर। खजनी थाना क्षेत्र के ग्राम जाखां सिसईं में 22 वर्षीय विकास कुमार की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। बुधवार को भीम आर्मी और आजाद समाज पार्टी कांशीराम के प्रतिनिधि पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। विकास कुमार अनुसूचित परिवार से थे और प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मिट्टी ढुलाई के दौरान ट्रॉली-ट्रैक्टर पलटने से उनकी मौत होने की बात कही गई थी। हालांकि, पीड़ित परिवार का आरोप है कि विकास की मौत दुर्घटना में नहीं बल्कि हत्या के कारण हुई है। परिवार का कहना है कि यदि ट्रॉली के नीचे दबने से मौत हुई होती तो शरीर पर गंभीर चोटों के निशान होने चाहिए थे, जबकि शरीर पर केवल मामूली खरोंचें दिखाई दी हैं। परिजनों ने इसके समर्थन में वीडियो साक्ष्य होने का भी दावा किया है।मामले को गंभीर बताते हुए भीम आर्मी के पदाधिकारियों ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से सीबीआई जांच कराने की मांग की है। साथ ही पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा और एक सरकारी नौकरी देने की भी मांग उठाई गई है। उन्होंने गोरखपुर पुलिस से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने की अपील की है।संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिला तो भीम आर्मी और आजाद समाज पार्टी आंदोलन एवं धरना-प्रदर्शन के लिए बाध्य होगी।








