पार्टी को मजबूत बनाने का संकल्प, सक्रिय हुए पथरदेवा प्रभारी राघवेंद्र राम द्विवेदी

पूर्वा टाइम्स। सोनू गोंड
देवरिया। विधानसभा क्षेत्र 338 पथरदेवा के नवनियुक्त कोऑर्डिनेटर एवं प्रभारी राघवेंद्र राम द्विवेदी ने बुधवार को क्षेत्र के विभिन्न गांवों, बाजारों और प्रमुख चौराहों पर व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाकर संगठन को मजबूत बनाने का संदेश दिया। इस दौरान उन्होंने केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों, जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी जनता तक पहुंचाई। उनके अभियान को क्षेत्रवासियों का उत्साहपूर्ण समर्थन मिला।
जनसंपर्क अभियान के तहत उन्होंने आनंदनगर, बंजरिया, तरकुलवा, देवरिया धूस, बघौचघाट, सुंदरपुर, मलसी और केडी चौराहे सहित करीब डेढ़ दर्जन स्थानों का दौरा किया। विभिन्न स्थानों पर स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों, युवाओं और पार्टी कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया। लोगों ने संगठन की मजबूती और क्षेत्रीय विकास से जुड़े मुद्दों पर भी उनसे चर्चा की।
राघवेंद्र राम द्विवेदी ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश ने विकास, गरीब कल्याण, किसान हित, महिला सशक्तिकरण, स्वास्थ्य, शिक्षा और बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है, जो सुशासन की पहचान है।
उन्होंने क्षेत्रवासियों की समस्याएं और सुझाव भी सुने तथा जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता के आधार पर संबंधित मंचों तक पहुंचाने का आश्वासन दिया। इस दौरान उन्होंने पार्टी नेतृत्व के प्रति आभार जताते हुए कहा कि उन्हें सौंपी गई जिम्मेदारी का पूरी निष्ठा से निर्वहन करेंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और आगामी चुनावों के लिए पूरी ऊर्जा के साथ जुटने का आह्वान किया।
अभियान के दौरान क्षेत्र में उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला। लोगों ने नई जिम्मेदारी के लिए उन्हें शुभकामनाएं देते हुए संगठन को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई। इस अवसर पर संजय दूबे, दीपक मिश्रा,अफजल अंसारी ,रमेश यादव, विजय राव, आरिफ सिद्दीकी,जेपी कुशवाहा सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *