प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) की स्थायी पात्रता सूची हेतु ग्राम पंचायतों में ग्राम सभाओं का होगा आयोजन-जिलाधिकारी

17 जून से 30 जून तक ग्राम पंचायतों में होगी बैठकें-जिलाधिकारी।

पारदर्शी चयन प्रक्रिया सुनिश्चित करने के निर्देश

अधिक से अधिक ग्रामीणों की सहभागिता से की जाए बैठक-जिलाधिकारी।

पूर्वा टाइम्स – समाचार

सोनभद्र -जिलाधिकारी की अध्यक्षता में सोमवार को प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत आवास प्लस सर्वेक्षण-2024 की स्थायी पात्रता सूची को अंतिम रूप देने के संबंध में खण्ड विकास अधिकारियों एवं ग्राम पंचायत सचिवों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में निर्देश दिए गए कि जनपद की सभी ग्राम पंचायतों में 17 जून से 30 जून 2026 तक ग्राम सभाओं का आयोजन कर पात्र एवं अपात्र लाभार्थियों का सत्यापन, सूची में आवश्यक संशोधन तथा प्राथमिकता क्रम का निर्धारण किया जाए।
जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि ग्राम सभा की बैठक से पूर्व प्रत्येक मजरे में मुनादी, सोशल मीडिया एवं प्रिंट मीडिया के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, जिससे अधिक से अधिक ग्रामीण सहभागिता कर सकें। प्रत्येक बैठक का फोटो एवं वीडियो प्रलेखन करते हुए कम से कम 10 छायाचित्रों सहित प्रस्तुतीकरण (पीपीटी) तैयार किया जाएगा।
बैठक में यह भी निर्देश दिए गए कि ग्राम पंचायत सचिव निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से प्राथमिकता सूची तैयार करें तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित कार्मिक के विरुद्ध निलम्बन की कार्यवाही की जाएगी। उपजिलाधिकारी एवं लेखपालों की उपस्थिति सुनिश्चित कर भूमि एवं आय संबंधी मामलों का त्वरित निस्तारण करने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक के उपरांत पात्रता सूची की वाल पेंटिंग ग्राम पंचायत सचिवालय एवं सार्वजनिक स्थलों पर कराई जाएगी। 1 जुलाई से 15 जुलाई तक लाभार्थियों से आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी, जिनका जिला स्तरीय समिति द्वारा परीक्षण कर निस्तारण किया जाएगा। जिलाधिकारी ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि पर ग्राम सभा की बैठकों में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर पात्रता सूची को पारदर्शी एवं त्रुटिरहित बनाने में सहयोग करें। इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी, परियोजना निदेशक, डी0आर0डी0ए0 एस0के0 राय, समस्त खण्ड विकास अधिकारी एवं ग्राम पंचायत सचिव उपस्थित रहें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *