जिला शिक्षा एवं अनुश्रवण समिति की बैठक सम्पन्न

विद्यालयों में मूलभूत सुविधाओं की संतृप्ति एवं मरम्मत कार्य प्राथमिकता पर कराए जाएं

भ्रामक सूचना देने पर अधिशासी अभियंता पिपरी के वेतन भुगतान पर रोक
विद्यालयों में विद्युतीकरण, स्वच्छता एवं गुणवत्तापूर्ण मिड-डे मील सुनिश्चित करने के निर्देश

पूर्वा टाइम्स – समाचार
सोनभद्र, 15 जून 2026। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभागार में जिला शिक्षा एवं अनुश्रवण समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में शिक्षा विभाग की विभिन्न योजनाओं एवं विद्यालयों में उपलब्ध कराई जा रही मूलभूत सुविधाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देशित करते हुए कहा कि ऑपरेशन कायाकल्प के अंतर्गत जिन विद्यालयों में अभी तक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं, उन्हें शीघ्र संतृप्त किया जाए। उन्होंने जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देश दिया कि जिन विद्यालयों में पेयजल, शौचालय, रैंप, यूरिनल एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं अनुपलब्ध हैं अथवा खराब स्थिति में हैं, उनकी मरम्मत एवं सुदृढ़ीकरण का कार्य प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित कराया जाए।
जिलाधिकारी ने विद्यालयों में विद्युतीकरण कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिशासी अभियंता पिपरी द्वारा प्रस्तुत जानकारी का सत्यापन दूरभाष के माध्यम से कराया। सत्यापन में जानकारी असत्य पाए जाने पर उन्होंने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए अधिशासी अभियंता पिपरी के वेतन भुगतान पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाने तथा अधीक्षण अभियंता विद्युत को चेतावनी जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भविष्य में भ्रामक एवं तथ्यहीन जानकारी देने पर और कठोर कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में जिलाधिकारी ने विद्यालयों में नियमित साफ-सफाई, फर्स्ट एड बॉक्स की उपलब्धता, शत-प्रतिशत विद्युतीकरण तथा गुणवत्तापूर्ण मिड-डे मील व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्यालय खुलने के बाद जिला स्तरीय अधिकारियों द्वारा नियमित निरीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने को भी कहा।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी श्रीमती जागृति अवस्थी, जिला पंचायत राज अधिकारी नामित शरण, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मुकुल आनंद पाण्डेय, जिला विद्यालय निरीक्षक जयराम सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *