आईजीआरएस शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर जिलाधिकारी का विशेष जोर

समयबद्ध कार्रवाई एवं शिकायतकर्ताओं की संतुष्टि बढ़ाने के दिए निर्देश

राजस्व भूमि संबंधी शिकायतों की प्रगति की जिलाधिकारी ने की समीक्षा

लंबित 643 प्रकरणों का शीघ्र परीक्षण कर निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश
पूर्वा टाइम्स – समाचार
सोनभद्र, 15 जून 2026। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने आज कलेक्ट्रेट स्थित जनसुनवाई कक्ष में आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की समीक्षा की। समीक्षा बैठक के दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पोर्टल पर प्राप्त होने वाली शिकायतों का निस्तारण निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से किया जाए तथा शिकायतकर्ताओं की संतुष्टि का प्रतिशत अधिक से अधिक बढ़ाया जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में केवल औपचारिकता न बरती जाए, बल्कि संबंधित शिकायतकर्ता से संपर्क स्थापित कर, आवश्यकतानुसार उनसे मुलाकात कर तथा उनका फीडबैक प्राप्त करते हुए प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप शिकायतों का पारदर्शी एवं संतोषजनक निस्तारण प्राथमिकता पर किया जाना चाहिए।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने राजस्व भूमि संबंधी शिकायतों के परीक्षण की प्रगति की भी समीक्षा की। बताया गया कि परीक्षण हेतु प्राप्त कुल 6545 प्रकरणों में से अब तक 5902 शिकायतों का परीक्षण किया जा चुका है, जबकि 643 प्रकरणों का परीक्षण शेष है। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित उप जिलाधिकारियों को निर्देशित किया कि लंबित सभी प्रकरणों का शीघ्र परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें, ताकि शासन द्वारा निर्धारित समय सीमा के अंतर्गत शिकायतों का निस्तारण किया जा सके।
उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि शिकायत निस्तारण कार्य में किसी प्रकार की शिथिलता अथवा लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी तथा सभी अधिकारी इस कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *