दहेज उत्पीड़न से आहत विवाहिता ने की आत्महत्या, तीन के खिलाफ एफआईआर दर्ज
पूर्वा टाइम्स -बेचन शर्मा
सहजनवा गोरखपुर।सहजनवा थाना क्षेत्र में एक विवाहिता द्वारा कथित रूप से आत्महत्या किए जाने के बाद मामला गंभीर हो गया है। घटना के संबंध में मृतका के परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने पति, ससुर और एक अन्य महिला सहित तीन लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
परिजनों का आरोप है कि मृतका का विवाह 2 दिसंबर 2024 को हिंदू रीति-रिवाज से हुआ था। शिकायत के अनुसार, विवाह के बाद से उसे ससुराल पक्ष द्वारा कथित रूप से दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाता था तथा अतिरिक्त 5 लाख रुपये की मांग की जा रही थी। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि मृतका के साथ मारपीट, मानसिक उत्पीड़न और धमकी जैसी घटनाएं होती थीं।
एफआईआर में दर्ज आरोपों के अनुसार, लगातार प्रताड़ना से परेशान होकर विवाहिता ने आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले की विवेचना शुरू कर दी है।
सहजनवा थानाध्यक्ष संजय कुमार मिश्रा का कहना है कि सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच की जा रही है। पोस्मार्टम रिपोर्ट और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।








