सोनभद्र के शैडो एरिया होंगे से रोशन, जिलाधिकारी ने दूरसंचार कंपनियों के साथ बनाई कार्ययोजनादूरस्थ एवं दुर्गम क्षेत्रों तक पहुंचेगी बेहतर मोबाइल कनेक्टिविटी

नेटवर्क विहीन ग्राम पंचायतों में नए टावर स्थापित करने की प्रक्रिया तेज

पूर्वा टाइम्स – समाचार

सोनभद्र -जनपद के दूरस्थ एवं नेटवर्क विहीन क्षेत्रों में संचार सुविधाओं को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी चर्चित गौड़ की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में बीएसएनएल, एयरटेल, रिलायंस जियो सहित विभिन्न दूरसंचार कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जनपद का कोई भी गांव अथवा मतदेय स्थल संचार सुविधाओं से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि मोबाइल नेटवर्क आज केवल संवाद का माध्यम नहीं, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा, आपदा प्रबंधन एवं डिजिटल सेवाओं तक पहुंच का महत्वपूर्ण आधार है।
समीक्षा के दौरान बताया गया कि जनपद के 26 मतदेय स्थल ऐसे हैं जहां मोबाइल नेटवर्क उपलब्ध नहीं है। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित दूरसंचार कंपनियों को आवश्यक कार्यवाही कर शीघ्र नेटवर्क उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
जुगैल क्षेत्र में नेटवर्क गुणवत्ता सुधारने हेतु ऑप्टिकल फाइबर कनेक्टिविटी विस्तार की आवश्यकता पर चर्चा करते हुए जिलाधिकारी ने बीएसएनएल अधिकारियों को विस्तृत प्रस्ताव प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दुर्गम क्षेत्रों में भी बेहतर कनेक्टिविटी सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन हर संभव सहयोग प्रदान करेगा।
बैठक में यह भी बताया गया कि कई ग्राम पंचायतों में नए मोबाइल टावर स्थापित किए जाने प्रस्तावित हैं। जिलाधिकारी ने नेटवर्क विहीन क्षेत्रों का सर्वे कर प्राथमिकता के आधार पर टावर स्थापना की कार्यवाही तेज करने के निर्देश दिए। साथ ही जिन ग्राम पंचायतों में भूमि चिन्हांकन की प्रक्रिया लंबित है, वहां इसे समयबद्ध रूप से पूर्ण कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि बेहतर संचार व्यवस्था से न केवल आमजन को सुविधा मिलेगी, बल्कि आपदा एवं आपातकालीन परिस्थितियों में भी त्वरित सहायता उपलब्ध कराना संभव होगा। उन्होंने सभी विभागों एवं दूरसंचार कंपनियों को समन्वय स्थापित करते हुए निर्धारित समयसीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
बैठक में सहायक निर्वाचन अधिकारी जगरूप पटेल सहित अन्य निर्वाचन से जुड़े और विभिन्न संचार एजेंसियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *