14 वर्षीय गुमशुदा बालक झारखंड के शेल्टर होम से सकुशल बरामद, परिवार में लौटी खुशियां.पूर्वा टाइम्स – ब्यूरो

सोनभद्र -कोन थाना क्षेत्र से लापता हुए 14 वर्षीय बालक को पुलिस ने झारखंड के डाल्टनगंज स्थित बाल शेल्टर होम से सकुशल बरामद कर लिया। लगातार तलाश और विभिन्न स्थानों पर छानबीन के बाद पुलिस टीम बालक तक पहुंची। आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद उसे उसके माता-पिता के सुपुर्द कर दिया गया। बेटे के सकुशल वापस मिलने से परिजनों ने राहत की सांस ली और पुलिस के प्रयासों की सराहना की। पुलिस के अनुसार, ग्राम कचनरवा निवासी दिनेश शेरो ने 23 सितंबर 2026 को थाना कोन में सूचना दी थी कि उनका लगभग 14 वर्षीय पुत्र नवलेश कुमार 17 अगस्त 2026 को बिना बताए घर से कहीं चला गया है। परिजनों ने अपने स्तर से उसकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। इसके बाद पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर बालक की तलाश शुरू की। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में गुमशुदा बच्चों की बरामदगी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत प्रभारी निरीक्षक कोन अखिलेश कुमार मिश्र के नेतृत्व में टीम गठित की गई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिरों की मदद से बालक की तलाश शुरू की। इस दौरान विंढमगंज, दुद्धी, नगर ऊंटारी, गढ़वा, रोहतास और भभुआ समेत कई संभावित स्थानों पर छानबीन की गई। इसी बीच पुलिस को विश्वस्त सूत्रों से सूचना मिली कि नवलेश के हुलिये से मिलता-जुलता एक बालक झारखंड के पलामू जनपद स्थित डाल्टनगंज के बाल शेल्टर होम में मौजूद है। सूचना मिलने पर पुलिस टीम तत्काल वहां पहुंची। आवश्यक पहचान और पूछताछ की प्रक्रिया के बाद बालक की पहचान सुनिश्चित की गई और उसे सकुशल सोनभद्र लाया गया। पुलिस ने आवश्यक विधिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद नवलेश कुमार को उसके माता-पिता के सुपुर्द कर दिया। लंबे समय से बेटे की तलाश कर रहे परिजनों के लिए यह राहत भरा क्षण रहा। पुलिस की इस कार्रवाई से परिवार में खुशी का माहौल है। इस बरामदगी अभियान में प्रभारी निरीक्षक अखिलेश कुमार मिश्र, उपनिरीक्षक शिवनारायण यादव, कांस्टेबल रामभुवन कुशवाहा और कांस्टेबल साकेश सोमवंशी शामिल रहे। सोनभद्र पुलिस ने गुमशुदा बच्चों की तलाश और उन्हें उनके परिवारों से मिलाने के लिए अभियान जारी रखने की बात कही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *