पत्रकारों पर अभद्र टिप्पणी से पत्रकारों में रोष, थानाध्यक्ष को सौंपी तहरीर

पूर्वा टाइम्स -बेचन शर्मा

सहजनवा गोरखपुर।सोशल मीडिया पर पत्रकारों के खिलाफ की गई कथित अभद्र टिप्पणी को लेकर क्षेत्र के पत्रकारों में भारी नाराजगी व्याप्त है। मामले को गंभीरता से लेते हुए पत्रकारों ने संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
मिली जानकारी के अनुसार, सहजनवा थाना क्षेत्र के ग्राम सभा गोविंदपुर निवासी सुनील निषाद ने गुरुवार को अपने फेसबुक आईडी पर पत्रकारों को लेकर कथित रूप से अभद्र एवं आपत्तिजनक टिप्पणी की। पोस्ट की जानकारी मिलने के बाद क्षेत्र के पत्रकारों में रोष फैल गया। पत्रकारों का कहना है कि इस प्रकार की टिप्पणियां न केवल पत्रकारिता जगत की गरिमा को ठेस पहुंचाती हैं, बल्कि समाज में गलत संदेश भी देती हैं।
मामले को लेकर पूर्वांचल पत्रकार एसोसिएशन प्रेस क्लब सहजनवा के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने सहजनवा थाने पहुंचकर थाना प्रभारी को एक तहरीर सौंपी। तहरीर में आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले व्यक्ति के विरुद्ध जांच कर उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की गई।
इस दौरान प्रेस क्लब के अध्यक्ष सत्य प्रकाश त्रिपाठी, उपाध्यक्ष विष्णु दत्त शुक्ला, संतोष गुप्ता, पंकज त्रिपाठी, आधाराम मिश्रा, उपेंद्र त्रिपाठी एवं उपेंद्र राज सहित कई पत्रकार मौजूद रहे। पत्रकारों ने कहा कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के नाम पर किसी भी वर्ग या पेशे से जुड़े लोगों की गरिमा को ठेस पहुंचाना उचित नहीं है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
इस संबंध में थानाध्यक्ष सहजनवा संजय कुमार मिश्रा ने बताया कि तहरीर प्राप्त हो गई है। मामले की जांच कराई जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
पत्रकारों ने प्रशासन से मांग की है कि सोशल मीडिया पर की जाने वाली ऐसी आपत्तिजनक टिप्पणियों पर प्रभावी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में किसी भी वर्ग की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाली घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *