स्पा सेंटर की आड़ में चल रहा था देह व्यापार,महिला समेत तीन गिरफ्तार

गोरखपुर। शहर के रामगढ़ताल थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले तारामंडल इलाके में चल रहे एक स्पा सेंटर पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने स्पा की आड़ में चलाए जा रहे देह व्यापार के धंधे का भंडाफोड़ करते हुए मौके से पांच युवतियों को मुक्त कराया और मैनेजर सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।एसपी सिटी निमिष पाटिल ने बताया कि स्पा सेंटर में लंबे समय से संदिग्ध गतिविधियों की शिकायतें मिल रही थीं। इसी बीच, सेंटर के चंगुल से किसी तरह जान बचाकर निकली एक पीड़िता ने खुद थाने पहुंचकर पुलिस को आपबीती सुनाई। शिकायत की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने गोपनीय तरीके से जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में पुष्टि होने के बाद रामगढ़ताल पुलिस ने एक विशेष टीम गठित कर स्पा सेंटर पर छापेमारी की।पुलिस की जांच में यह खुलासा हुआ है कि स्पा सेंटर में युवतियों को बंधक बनाकर रखा जाता था। आरोपी उन्हें नौकरी देने का झांसा देकर फंसाते थे और फिर देह व्यापार के दलदल में धकेल दिया जाता था। मुक्त कराई गई पांच युवतियों में से एक गाजीपुर जिले की है, जबकि बाकी चार गोरखपुर शहर के अलग-अलग मोहल्लों की रहने वाली हैं। फिलहाल पुलिस ने युवतियों के बयान दर्ज कर लिए हैं और मामले की गहनता से जांच की जा रही है।
पुलिस ने मौके से मैनेजर समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। इनकी पहचान विक्की वर्मा, निवासी धर्मशाला बाजार, थाना गोरखनाथ, मंदीप सिंह, मूल निवासी चंडीगढ़, वर्तमान में पैडलेगंज गुरुद्वारा गली में रह रहा था और एक महिला जो शाहपुर इलाके की रहने वाली है के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, मंदीप सिंह स्पा का मैनेजमेंट देखता था, जबकि गिरफ्तार महिला युवतियों को काम का लालच देकर स्पा तक लाती थी। पुलिस ने स्पा सेंटर से आपत्तिजनक दस्तावेज, मोबाइल फोन और अन्य सामग्री अपने कब्जे में ले ली है। आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। मामले का मुख्य सरगना स्पा मालिक अभी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि इस अवैध कारोबार के तार और कहाँ कहाँ जुड़े हैं और इसमें और कौन-कौन से लोग शामिल हैं।








