विश्व पर्यावरण दिवस पर ग्राम वन में वृहद वृक्षारोपण, हरित भविष्य का लिया संकल्प.

पूर्वा टाइम्स – समाचार

सोनभद्र -विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शुक्रवार को चोपन विकास खंड के ग्राम वन में वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस दौरान ग्राम वन क्षेत्र में विभिन्न प्रजातियों के सैकड़ों पौधे रोपे गए तथा उनके संरक्षण और संवर्धन का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख लीलावती गोंड, खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) अजीत यादव, सहायक विकास अधिकारी कांशीराम ठाकुर, सचिव निर्भय सिंह, ग्राम प्रधान दुर्गेश्वर यादव, मंडल अध्यक्ष संजय केशरी, भाजपा शक्ति केंद्र चोपन अध्यक्ष रामकुमार सोनी, पूर्व प्रधान एवं भाजपा के पूर्व जिला मंत्री लवकुश भारती, लेखपाल चंदन शर्मा, एडीओ एग्रीकल्चर पंकज यादव, बीआरसी विद्यासागर तथा पंचायत ऑपरेटर विवेक कुमार बिंद सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग और ग्रामीण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंडल अध्यक्ष संजय केशरी ने कहा कि वृक्षारोपण केवल एक सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति और जीवन शैली का अभिन्न हिस्सा है। उन्होंने कहा कि प्रकृति की रक्षा करना मानवता की रक्षा करने के समान है। यदि पर्यावरण सुरक्षित रहेगा तो मानव जीवन भी सुरक्षित रहेगा। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का आह्वान किया। खंड विकास अधिकारी अजीत यादव ने कहा कि पेड़-पौधे हमारे जीवन का आधार हैं। वे हमें शुद्ध वायु, छाया और पर्यावरणीय संतुलन प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि सिर्फ पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी नियमित देखरेख, सिंचाई और सुरक्षा भी जरूरी है, तभी वृक्षारोपण अभियान सार्थक होगा। ब्लॉक प्रमुख लीलावती गोंड ने कहा कि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और हरित वातावरण देना हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने वृक्षारोपण अभियान को सफल बनाने के लिए ग्राम प्रधान दुर्गेश्वर यादव और उनकी टीम की सराहना की। अंत में ग्राम प्रधान दुर्गेश्वर यादव ने सभी अतिथियों एवं ग्रामीणों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का समापन पर्यावरण संरक्षण और पंचायत क्षेत्र को प्रदूषण मुक्त बनाने के संकल्प के साथ हुआ। उपस्थित लोगों ने भविष्य में भी पर्यावरण संवर्धन के कार्यों को निरंतर जारी रखने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *