अवैध अस्पताल में प्रसव के दौरान महिला की मौत मामले में 10 हजार की इनामिया स्टाफ नर्स गिरफ्तार, सहयोगी दाई भी पकड़ी गई.

पूर्वा टाइम्स – समाचार

सोनभद्र -थाना कोन पुलिस ने प्रसव के दौरान महिला की मौत के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए 10 हजार रुपये की इनामिया स्टाफ नर्स और उसकी सहयोगी दाई को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों पर अवैध रूप से संचालित अस्पताल में लापरवाहीपूर्ण इलाज और ऑपरेशन के दौरान महिला की मौत होने का आरोप है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक और क्षेत्राधिकारी ओबरा के पर्यवेक्षण में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार कस्बा कोन स्थित अवैध रूप से संचालित ग्लोबल हॉस्पिटल में प्रसव पीड़ा के दौरान आशा बहू सीमा देवी की मौत हो गई थी। मामले की जांच में सामने आया कि अस्पताल में फर्जी डॉक्टर और उसकी टीम द्वारा ऑपरेशन किया गया था, जिसके दौरान महिला की जान चली गई। घटना के संबंध में थाना कोन में मुकदमा संख्या 104/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 105, 318(4) तथा राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (एनएमसी) एक्ट की धारा 34 के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश कर रही थी। जांच के दौरान स्टाफ नर्स सलमा पत्नी आसिफ मोहम्मद, निवासी देवाटन थाना कोन, को मामले में मुख्य आरोपी मानते हुए उसके ऊपर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस ने सोमवार को उसे गिरफ्तार कर लिया। उसके साथ मामले में सहयोगी की भूमिका निभाने वाली जौरुन बीबी पत्नी करीमन, निवासी सिसरी बनखेता, थाना खरौंधी, जिला गढ़वा (झारखंड) को भी गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी लंबे समय से फरार चल रही थीं। गिरफ्तारी के बाद उनसे पूछताछ की गई और आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए गए। इसके बाद दोनों को न्यायालय में पेश कर दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अवैध अस्पतालों और झोलाछाप चिकित्सा के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। ऐसे मामलों में दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक अखिलेश कुमार मिश्रा, चौकी प्रभारी चकरिया उपनिरीक्षक शिव प्रकाश यादव, हेड कांस्टेबल शिव कुमार यादव, महिला आरक्षी स्वधा सिंह तथा महिला आरक्षी सौम्या तिवारी शामिल रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *