रास्ते में रोककर महिला से मारपीट का आरोप, पुलिस से लगाई न्याय की गुहार
पूर्वा टाइम्स – दुर्गेश शुक्ला
गोरखपुर। हरपुर बुदहट थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत दरघाट की निवासी ज्योति, पत्नी शारद पासवान, ने गांव के कुछ लोगों पर रास्ते में रोककर मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने थाना हरपुर बुदहट में तहरीर देकर न्याय की मांग की है।
शिकायती पत्र के अनुसार, 1 जून की सुबह ज्योति अपने किसी कार्य से जा रही थीं। आरोप है कि रास्ते में पहले से मौजूद कुछ लोगों ने उन्हें रोक लिया और कहासुनी के बाद उनके साथ मारपीट की। पीड़िता का कहना है कि आरोपियों ने उनके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया तथा विरोध करने पर जान से मारने की धमकी भी दी।
घटना के बाद महिला ने हरपुर बुदहट थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई और अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ आरोपियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की। मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है।
महिला ने अपने प्रार्थना पत्र में कहा है कि आरोपियों की धमकियों से वह और उनका परिवार भय और असुरक्षा की स्थिति में है। उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर न्याय दिलाने की मांग की है।
वहीं पुलिस का कहना है कि प्राप्त तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है तथा जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके अनुसार आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।








