नमो घाट हत्याकांड: मुख्यमंत्री राहत कोष से मृतक राजेश के परिजनों को मिली 5 लाख रुपये की सहायता, प्रभारी मंत्री ने सौंपा चेक.
पूर्वा टाइम्स – समाचार
सोनभद्र -जनपद के प्रभारी मंत्री एवं उत्तर प्रदेश सरकार के स्टाम्प तथा न्यायालय शुल्क एवं पंजीयन विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविन्द्र जायसवाल ने सोमवार को विकास खंड नगवां की ग्राम पंचायत पडरी पहुंचकर मृतक राजेश जायसवाल के परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने शोक संतप्त परिवार को सांत्वना देते हुए मुख्यमंत्री राहत कोष से स्वीकृत 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता का चेक प्रदान किया। प्रभारी मंत्री ने परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि यह घटना अत्यंत दुखद और पीड़ादायक है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर वह स्वयं पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे हैं और शासन की ओर से हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार इस कठिन समय में पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है। मंत्री रविन्द्र जायसवाल ने बताया कि वाराणसी के नमो घाट पर हुई घटना की जानकारी मुख्यमंत्री को मिलने के बाद उन्होंने तत्काल अधिकारियों को कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए थे। उन्होंने कहा कि नमो घाट पर रात 10 बजे से सुबह 4 बजे तक प्रवेश प्रतिबंधित रहता है। घटना के दिन कुछ युवक प्रतिबंधित क्षेत्र में प्रवेश करने का प्रयास कर रहे थे, तभी सुरक्षा कर्मियों ने उन्हें रोका। इस दौरान दोनों पक्षों में विवाद हुआ और बाद में लौटते समय सुरक्षा गार्डों द्वारा कथित रूप से मारपीट की गई, जिसमें गंभीर रूप से घायल एक युवक की मौत हो गई। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर घटना में शामिल सुरक्षा गार्डों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। वहीं अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है। मंत्री ने कहा कि जिस एजेंसी के माध्यम से सुरक्षा गार्ड तैनात किए गए थे, उसके मालिक के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया गया है। साथ ही नमो घाट के रखरखाव का कार्य देख रही कंपनी की भूमिका की भी जांच कराई जा रही है। जांच में दोषी पाए जाने पर कंपनी के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि पुलिस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर रही है। घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और उनमें दिखाई देने वाले सभी लोगों की पहचान की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि घटना में शामिल एक भी आरोपी बच नहीं पाएगा और सभी के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। उन्होंने बताया कि मृतक युवक परिवार का कमाऊ सदस्य था। ऐसे मामलों में सरकार की ओर से परिवार के जीविकोपार्जन के लिए मुख्यमंत्री राहत कोष से आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। इसी क्रम में परिवार को 5 लाख रुपये की सहायता राशि उपलब्ध कराई गई है। इस अवसर पर चर्चित गौड़, अभिषेक वर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष नंदलाल गुप्ता, जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी तथा अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।









