रास्ते में रोककर महिला से मारपीट का आरोप, पुलिस से लगाई न्याय की गुहार
पूर्वा टाइम्स -दुर्गेश शुक्ला
गोरखपुर । बूदहट थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत दरघाट निवासिनी महिला ज्योति पत्नी शारद पासवान ने गांव के ही कुछ लोगों पर रास्ते में रोककर मारपीट करने तथा जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता ने थाना हरपुर बुदहट में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। शिकायती पत्र के अनुसार, महिला 1 जून को सुबह अपने किसी कार्य से जा रही थी। आरोप है कि रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे कुछ लोगों ने उसे रोक लिया और विवाद के बाद मारपीट शुरू कर दी। महिला का कहना है कि घटना के दौरान उसे अपशब्द कहे गए और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई। घटना के बाद पीड़िता ने थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई और अपनी सुरक्षा के साथ-साथ दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की। मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है।
पुलिस को दिए गए प्रार्थना पत्र में महिला ने कहा है कि आरोपियों की धमकियों से वह और उसका परिवार भयभीत है। उसने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर न्याय दिलाने की मांग की है।
अब सभी की निगाहें पुलिस जांच पर टिकी हैं। यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।
वहीं पुलिस का कहना है कि प्राप्त तहरीर के आधार पर मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।








