फैक्ट्री प्रदूषण पर N S U I ने उपजिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन कार्यवाही नहीं होगा तो आंदोलन

पूर्वा टाइम्स -बेचन शर्मा
सहजनवा गोरखपुर। सहजनवा तहसील क्षेत्र में फैक्ट्रियों से फैल रहे वायु और जल प्रदूषण के खिलाफ भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (NSUI) ने मोर्चा खोल दिया है। सोमवार को NSUI के प्रदेश महासचिव आदित्य शुक्ला के नेतृत्व में बड़ी संख्या में युवाओं, किसानों और स्थानीय नागरिकों ने उप जिलाधिकारी सहजनवा को ज्ञापन सौंपकर प्रदूषण फैलाने वाली औद्योगिक इकाइयों पर सख्त कार्रवाई की मांग की। ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि क्षेत्र की फैक्ट्रियां पर्यावरण नियमों को ताक पर रखकर जहरीला धुआं छोड़ रही हैं। इससे लोगों को सांस लेने में तकलीफ, आंखों में जलन और दमा जैसी गंभीर बीमारियां हो रही हैं। हालात इतने खराब हैं कि बच्चे खांसते हुए स्कूल जाने को मजबूर हैं। सिर्फ हवा ही नहीं, पानी का संकट भी गहराता जा रहा है। फैक्ट्रियों द्वारा अंधाधुंध भू-जल दोहन के कारण जलस्तर 50-60 फीट नीचे चला गया है। गांवों के हैंडपंप सूख चुके हैं। आरोप है कि फैक्ट्रियों का रासायनिक पानी सीधे खेतों में बहाया जा रहा है, जिससे सैकड़ों एकड़ फसल बर्बाद हो चुकी है।
संविधान देता है स्वच्छ हवा का अधिकार आदित्य शुक्ला
ज्ञापन सौंपने के बाद भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (NSUI) प्रदेश महासचिव आदित्य शुक्ला ने प्रशासन को चेतावनी दी। उन्होंने कहा, सहजनवा की हवा अब सांस लेने लायक नहीं बची। बुजुर्गों का घर से निकलना मुश्किल हो गया है। संविधान हर नागरिक को स्वच्छ हवा और पानी का अधिकार देता है। प्रशासन 15 दिन में ठोस कदम उठाए, वरना भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (NSUI) सड़कों पर उतरकर बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होगी। इसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
ज्ञापन में रखी गईं पांच प्रमुख मांगें क्षेत्र की सभी फैक्ट्रियों के प्रदूषण नियंत्रण उपकरणों की जांच कराई जाए।
पर्यावरण नियम तोड़ने वाली इकाइयों को तुरंत सील कर भारी आर्थिक जुर्माना लगाया जाए। फैक्ट्रियों द्वारा भू-जल दोहन पर पूर्ण रोक लगे और वाटर रिचार्जिंग सिस्टम अनिवार्य किया जाए।
प्रदूषण से प्रभावित लोगों के लिए मुफ्त स्वास्थ्य जांच शिविर लगाए जाएं।प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की जांच रिपोर्ट हर महीने सार्वजनिक की जाए ताकि पारदर्शिता बनी रहे।
ज्ञापन के दौरान स्थानीय ग्रामीणों में फैक्ट्रियों के खिलाफ भारी आक्रोश दिखा। किसानों ने कहा कि रासायनिक पानी से उनकी उपजाऊ जमीन बंजर हो रही है। युवाओं ने चेताया कि अगर जल्द समाधान नहीं निकला तो वे उग्र आंदोलन करेंगे। उपजिधिकारी ने ज्ञापन लेकर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। राम मुराद दुबे अनिल तिवारी प्रवीण चंद्र मिश्रा शिवांशु प्रियांशु दुबे इत्यादि लोग मौजूद रहे।








