सोनभद्र कलेक्ट्रेट में गूंजा अनुदेशकों का अभिनंदन: मानदेय वृद्धि पर जिला प्रशासन ने आयोजित किया भव्य सम्मान समारोह
सोनभद्र के 460 अनुदेशकों को मिलना शुरू हुआ लाभ; प्रदेश भर के 24,517 अनुदेशकों के मानदेय में हुई ऐतिहासिक वृद्धि
पूर्वा टाइम्स – समाचार
जनपद सोनभद्र के कलेक्ट्रेट सभागार में आज उच्च प्राथमिक शिक्षा की रीढ़ कहे जाने वाले अंशकालिक अनुदेशकों के लिए सम्मान का एक नया अध्याय लिखा गया। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा प्रदेश के कुल 24,517 अंशकालिक अनुदेशकों के मानदेय में की गई ऐतिहासिक वृद्धि के क्रम में जिला प्रशासन एवं बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा एक भव्य सम्मान समारोह एवं मानदेय वितरण शुभारंभ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस निर्णय से अकेले जनपद सोनभद्र के 460 कार्यरत अनुदेशकों को सीधे तौर पर इस बढ़े हुए मानदेय का लाभ मिलना आरम्भ हो गया है।
अनुदेशकों के पद सृजन और घटती संख्या पर विशेष चर्चा
बेसिक शिक्षा परिषद के अंतर्गत उच्च प्राथमिक विद्यालयों की कक्षाओं में 100 या उससे अधिक छात्र नामांकन होने पर ही अनुदेशकों का पद सृजित होता है, जहाँ नियमानुसार अधिकतम 3 अनुदेशकों की नियुक्ति का प्रावधान है। ये अनुदेशक खेल, कला, गृहशिल्प और कार्यानुभव जैसे विषयों के विशेषज्ञ हैं, जो बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम के दौरान यह तथ्य भी रेखांकित किया गया कि पूर्व में कुल 41,000 अनुदेशकों के सापेक्ष अब प्रदेश में केवल 24,296 अनुदेशक ही शेष रह गए हैं, ऐसे में इस संवर्ग की सेवा सुरक्षा और आर्थिक सुदृढ़ीकरण की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही थी।
कार्यक्रम के दौरान राज्य स्तर (लखनऊ) पर आयोजित मुख्य कार्यक्रम का सजीव प्रसारण कलेक्ट्रेट सभागार में बड़ी स्क्रीन पर किया गया। सभागार में उपस्थित समस्त अनुदेशकों ने इस सजीव प्रसारण को बेहद उत्साह के साथ देखा। जैसे ही लखनऊ से प्रदेश के समस्त अनुदेशकों के कल्याण और मानदेय वृद्धि की आधिकारिक घोषणा की गई, पूरा कलेक्ट्रेट परिसर अनुदेशकों की करतल ध्वनि और खुशी से गूंज उठा।
अप्रैल माह के मानदेय के रूप में मिला 17,000 का चेक
इस गरिमामयी अवसर पर जनपद के उत्कृष्ट कार्य करने वाले अनुदेशकों को मंच पर आमंत्रित कर मुख्य अतिथि व विशिष्ट अतिथियों द्वारा अंगवस्त्र और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। समारोह का मुख्य आकर्षण अनुदेशकों को अप्रैल माह के बढ़े हुए मानदेय के रूप में 17,000 रुपये का प्रतीकात्मक चेक वितरित करना रहा। इस ऐतिहासिक सम्मान को पाकर सोनभद्र के अनुदेशकों के चेहरे खिल उठे।
माननीय समाज कल्याण राज्य मंत्री संजीव कुमार गोड़ ने मुख्यमंत्री जी का जताया आभार, अनुदेशकों के समर्पण को सराह
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राज्य मंत्री समाज कल्याण उत्तर प्रदेश सरकार संजीव सिंह गौड़ ने दीप प्रज्वलित कर समारोह की शुरुआत की। उन्होंने अनुदेशकों के प्रयासों की सराहना करते हुए और प्रदेश के नेतृत्व के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए कहा कि “हमारे यशस्वी माननीय मुख्यमंत्री संत भाव से प्रदेश के विकास और मानदेय कर्मियों के कल्याण की सौगात देते हैं, जिसके लिए हम सब मिलकर उनका हृदय से आभार व्यक्त करते हैं। हमारे अनुदेशक साथी पूरी निष्ठा के साथ नियमित रूप से विद्यालय में रहकर शिक्षा व्यवस्था में अपना अमूल्य योगदान देते हैं। समाज की मुख्य धारा से अंतिम पायदान के समस्त बच्चों को निःशुल्क और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने की राह में उनका यह समर्पण अतुलनीय है। इसी को देखते हुए सरकार ने सभी कार्यरत शिक्षकों व कर्मियों को 5 लाख रुपये का मुफ्त स्वास्थ्य बीमा देने और मानदेय को बढ़ाकर 17,000 रुपये करने का यह ऐतिहासिक कदम उठाया है, जिससे हमारे सोनभद्र के 460 साथियों सहित प्रदेश के अनुदेशक सीधे लाभान्वित हो रहे हैं
इस ऐतिहासिक अवसर पर अनुदेशक वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष रविंद्र बहादुर सिंह द्वारा मानदेय को 17,000 रुपये करने के इस कल्याणकारी निर्णय के लिए माननीय मुख्यमंत्री महोदय के प्रति विशेष रूप से आभार व्यक्त किया गया। उन्होंने कहा कि सरकार के इस कदम से प्रदेश के हजारों अनुदेशक परिवारों में आर्थिक संबल और सम्मान की नई किरण जागी है, जिसके लिए संपूर्ण अनुदेशक समाज सरकार का ऋणी है।
समारोह को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी चर्चित गौड़ नेअनुदेशकों और शिक्षकों को प्रेरित करते हुए कहा कि
बच्चे हमेशा अपने शिक्षकों के व्यवहार का अनुकरण करते हैं और उन्हें देखकर ही अपना व्यक्तित्व ढालते हैं। इसलिए सभी शिक्षक और अनुदेशक बच्चों को मूल्य आधारित शिक्षा दें। शिक्षण कार्य के दौरान बच्चों की रुचि, उनकी क्षमता और उनके सीखने के स्तर (लर्निंग लेवल) का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि हर बच्चे का प्रभावी और सकारात्मक विकास हो सके। इस दौरान सदर विधायक भूपेश चौबे ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी अनुदेशक साथियों को इस नई शुरुआत के लिए हार्दिक बधाई दी। अनुदेशकों को उनके बड़े दायित्वों के प्रति प्रेरित करते हुए सदर विधायक ने कहा कि आप सभी अनुदेशकों पर कृषि, खेल और कला के क्षेत्रों में छात्रों की प्रतिभा को निखारने की बहुत बड़ी जिम्मेदारी है और समाज को आपसे बहुत सी अपेक्षाएं हैं। आप सभी विद्यालय स्तर पर सड़क सुरक्षा, ‘प्लास्टिक मेरी जिम्मेदारी’, स्वच्छता और जल संकर्षण (वॉटर हार्वेस्टिंग) जैसे अत्यंत महत्वपूर्ण सामाजिक विषयों पर चर्चा करके बच्चों के भीतर एक सकारात्मक व्यवहार परिवर्तन ला सकते हैं। आपकी दी हुई यह सीख राष्ट्र निर्माण में बड़ी भूमिका निभाएगी।
कार्यक्रम में उपस्थित अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जन जाति आयोग के उपाध्यक्ष जीत सिंह एवं विशिष्ट अतिथि जिलाध्यक्ष भाजपा नन्द लाल गुप्ता और घोरावल विधायक प्रतिनिधि सुरेंद्र मौर्य ने भी सरकार की इस जनहितैषी और शिक्षक-हितैषी योजना की सराहना की। उन्होंने कहा कि 17,000 रुपये की यह सम्मानजनक राशि अनुदेशक साथियों के सामाजिक और आर्थिक सम्मान को और सुदृढ़ करेगी तथा इससे उनका मनोबल और ऊंचा होगा।
इस गरिमामयी अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मुख्य रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में आए हुए सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर विभिन्न अनुदेशक व शिक्षक संगठनों के पदाधिकारी, भारी संख्या में जनपद के अनुदेशक और विभागीय कर्मचारी उपस्थित रहे।









