सड़क हादसे में मेडिकल कॉलेज के डॉक्टर की मौत, अस्पताल परिसर में शोक की लहर.पूर्वा टाइम्स – समाचार सोनभद्र -जनपद में बुधवार की शाम हुए दर्दनाक सड़क हादसे में मेडिकल कॉलेज में तैनात एक डॉक्टर की मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही स्वास्थ्य विभाग और अस्पताल परिसर में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है तथा अज्ञात वाहन की तलाश में जांच तेज कर दी गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार मेडिकल कॉलेज में तैनात डॉ. अनुभव मिश्र मंगलवार शाम करीब 6:45 बजे बाइक से जिला अस्पताल लोढ़ी से रॉबर्ट्सगंज की ओर जा रहे थे। इसी दौरान रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के लोढ़ी स्थित लाइफ केयर हॉस्पिटल के सामने किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि डॉ. मिश्र सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और मौजूद लोगों की मदद से गंभीर रूप से घायल डॉक्टर को तत्काल इमरजेंसी एल-2 जिला अस्पताल लोढ़ी पहुंचाया गया। हालांकि अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।डॉ. अनुभव मिश्र की मौत की खबर मिलते ही अस्पताल परिसर में शोक का माहौल बन गया। साथी डॉक्टरों, कर्मचारियों और मेडिकल स्टाफ में गहरा दुख देखा गया। कई लोग जिला अस्पताल पहुंच गए और घटना पर संवेदना व्यक्त की। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि हादसे को अंजाम देने वाले अज्ञात वाहन की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की जांच जारी है और जल्द ही वाहन चालक की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल क्षेत्र में कानून व्यवस्था सामान्य बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *