कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद का सोनभद्र दौरा, चोपन में कार्यकर्ताओं की समीक्षा बैठक आयोजित
पूर्वा टाइम्स – समाचार
सोनभद्र – चोपन शुक्रवार को प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद जनपद सोनभद्र के दौरे पर पहुंचे। अपने निर्धारित कार्यक्रम के तहत उन्होंने चोपन ब्लाक परिसर स्थित सभागार में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की। बैठक में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता उपस्थित रहे। बैठक के दौरान मंत्री डॉ. निषाद ने संगठन की मजबूती पर विशेष जोर देते हुए कार्यकर्ताओं को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना ही पार्टी का मुख्य उद्देश्य है। इसके लिए कार्यकर्ताओं को पूरी जिम्मेदारी और सक्रियता के साथ कार्य करना होगा।
उन्होंने कार्यकर्ताओं को निर्देशित करते हुए कहा कि आम जनता की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुनें और उनके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों से समन्वय स्थापित करें। साथ ही उन्होंने आगामी चुनावों को लेकर भी संगठनात्मक तैयारियों की समीक्षा की और बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने पर बल दिया।
मंत्री ने कहा कि कार्यकर्ता ही पार्टी की रीढ़ होते हैं और उनके समर्पण व मेहनत से ही पार्टी को मजबूती मिलती है। उन्होंने सभी से एकजुट होकर कार्य करने और पार्टी की नीतियों एवं उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर क्षेत्र के कई वरिष्ठ पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधियों ने भी अपने विचार व्यक्त किए और संगठन को मजबूत बनाने के लिए सुझाव दिए। बैठक के अंत में मंत्री ने कार्यकर्ताओं की समस्याएं भी सुनीं और उनके त्वरित समाधान का आश्वासन दिया।









