मुख्यमंत्री स्कूल सुरक्षा कार्यक्रम फेज-3 के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर जनपद स्तरीय कार्यकारी समिति की बैठक सम्पन्न

जनपद के 200 विद्यालयों में संचालित होंगे आपदा प्रबंधन एवं सुरक्षा संबंधी प्रशिक्षण कार्यक्रम, 20 हजार से अधिक छात्र-छात्राएं एवं शिक्षक होंगे प्रशिक्षित

मॉक ड्रिल एवं व्यवहारिक अभ्यास के माध्यम से विद्यार्थियों को आपातकालीन परिस्थितियों में बचाव एवं सुरक्षित निकासी के सिखाए जाएंगे तरीके

पूर्वा टाइम्स – ब्यूरो
सोनभद्र, दिनांक 26 नवम्बर, 2026।
जनपद में मुख्यमंत्री स्कूल सुरक्षा कार्यक्रम फेज-3 के प्रभावी क्रियान्वयन एवं संचालन के संबंध में आज कलेक्ट्रेट सभागार में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) वागीश कुमार शुक्ला की अध्यक्षता में जनपद स्तरीय कार्यकारी समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में कार्यक्रम के अंतर्गत जनपद के चयनित 200 विद्यालयों में आपदा प्रबंधन एवं विद्यालय सुरक्षा से संबंधित प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किए जाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
कार्यक्रम के माध्यम से 20 हजार से अधिक छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों को विभिन्न प्रकार की आपदाओं के प्रति जागरूक एवं प्रशिक्षित किया जाएगा। बैठक में समिति के सदस्यों एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अधिकारियों द्वारा प्रशिक्षण कार्यक्रमों के प्रभावी संचालन, कार्ययोजना एवं क्रियान्वयन की रूपरेखा पर विचार-विमर्श किया गया।
अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) ने निर्देशित किया कि चयनित विद्यालयों में प्रशिक्षण कार्यक्रमों के आयोजन के लिए समयबद्ध एवं प्रभावी कार्ययोजना तैयार की जाए। प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को आपदा की स्थिति में अपनाए जाने वाले प्राथमिक एवं आवश्यक सुरक्षा उपायों की जानकारी देने के साथ ही उन्हें व्यावहारिक रूप से प्रशिक्षित किया जाए।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को भूकंप, आगजनी सहित अन्य आपातकालीन परिस्थितियों में सुरक्षित निकासी, बचाव एवं राहत के तरीकों से भली-भांति अवगत कराया जाए। इसके लिए विद्यालयों में मॉक ड्रिल एवं व्यवहारिक अभ्यास आयोजित किए जाएं, ताकि विद्यार्थी आपातकालीन परिस्थितियों में स्वयं की सुरक्षा के साथ-साथ दूसरों की सहायता एवं बचाव कार्यों में भी प्रभावी भूमिका निभा सकें।
अपर जिलाधिकारी ने प्रशिक्षण कार्यक्रमों को केवल सैद्धांतिक जानकारी तक सीमित न रखते हुए व्यावहारिक अभ्यास पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि विद्यालय स्तर पर आपदा प्रबंधन एवं सुरक्षा संबंधी प्रशिक्षण से विद्यार्थियों में जागरूकता, सतर्कता तथा आपदा से निपटने की क्षमता विकसित होगी।
बैठक में संबंधित अधिकारियों को कार्यक्रम का प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, आपदा विशेषज्ञ, अग्निशमन अधिकारी, आपदा सहायक सहित संबंधित अधिकारी एवं समिति के सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *