संविधान दिवस पर मेरा युवा भारत सोनभद्र द्वारा विकसित भारत युवा संवाद का आयोजन
युवाओं को संविधान के इतिहास, मौलिक अधिकारों, कर्तव्यों एवं नशामुक्ति के प्रति किया गया जागरूक
पूर्वा टाइम्स – ब्यूरो
सोनभद्र, 26 नवंबर 2026। संविधान दिवस के अवसर पर मेरा युवा भारत, सोनभद्र द्वारा विकसित भारत युवा संवाद (संविधान दिवस विशेष संस्करण) का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को भारतीय संविधान की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि, संवैधानिक मूल्यों, लोकतांत्रिक व्यवस्था, मौलिक अधिकारों एवं मौलिक कर्तव्यों के प्रति जागरूक करना तथा राष्ट्र निर्माण में युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित करना रहा।
कार्यक्रम में यूथ आइकन अनमोल सोनी, प्रधानाचार्य डॉ. वंदना सिंह, प्रवक्ता रेखा कुमारी, यूपी कॉलेज के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. कृष्ण कुमार भारती एवं शिवम पांडेय की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता एवं यूथ आइकन अनमोल सोनी ने पीपीटी (प्रेजेंटेशन) के माध्यम से भारतीय संविधान के विभिन्न महत्वपूर्ण पहलुओं पर विस्तारपूर्वक अपनी प्रस्तुति दी। उन्होंने युवाओं को संविधान निर्माण की ऐतिहासिक यात्रा, संविधान सभा की भूमिका, संविधान की प्रस्तावना में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समता एवं बंधुता के आदर्शों तथा भारतीय लोकतंत्र की विशेषताओं से अवगत कराया।
उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान केवल शासन संचालन का कानूनी दस्तावेज नहीं है, बल्कि यह देश की लोकतांत्रिक चेतना, राष्ट्रीय एकता, सामाजिक समरसता और नागरिकों की गरिमा का आधार है। संविधान हमें अधिकार प्रदान करने के साथ-साथ राष्ट्र और समाज के प्रति हमारी जिम्मेदारियों का भी बोध कराता है। प्रत्येक युवा को अपने मौलिक अधिकारों की जानकारी रखने के साथ-साथ संविधान में उल्लिखित मौलिक कर्तव्यों का पालन भी पूरी निष्ठा एवं ईमानदारी से करना चाहिए।
अनमोल सोनी ने युवाओं को विशेष रूप से अनुच्छेद 51A के अंतर्गत वर्णित मौलिक कर्तव्यों की जानकारी देते हुए पर्यावरण संरक्षण, वैज्ञानिक दृष्टिकोण का विकास, सार्वजनिक संपत्ति की रक्षा, राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता बनाए रखने तथा समाज में भाईचारे और सद्भाव को बढ़ावा देने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि विकसित भारत का संकल्प तभी साकार हो सकता है, जब देश का युवा जागरूक, जिम्मेदार, अनुशासित एवं कर्तव्यनिष्ठ नागरिक बने।
इस अवसर पर उन्होंने नशामुक्ति के विषय पर भी युवाओं को जागरूक करते हुए कहा कि नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य और भविष्य को प्रभावित करता है, बल्कि परिवार, समाज और राष्ट्र की प्रगति में भी बाधा उत्पन्न करता है। युवाओं को नशे से दूर रहकर अपनी ऊर्जा, प्रतिभा और क्षमता का उपयोग राष्ट्र निर्माण एवं सकारात्मक सामाजिक परिवर्तन के लिए करना चाहिए। उन्होंने सभी युवाओं से नशामुक्त भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के समापन सत्र में प्रधानाचार्य डॉ. वंदना सिंह ने धन्यवाद ज्ञापन करते हुए सभी अतिथियों, वक्ताओं एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया। इसके पश्चात शिवम पांडेय द्वारा उपस्थित सभी अतिथियों एवं युवाओं को भारतीय संविधान की मूल प्रस्तावना का सामूहिक वाचन कराया गया। सभी ने संविधान में निहित आदर्शों एवं मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। साथ ही नशामुक्त समाज एवं नशामुक्त भारत के निर्माण हेतु उपस्थित सभी लोगों को नशामुक्ति की शपथ भी दिलाई गई।
इस कार्यक्रम में मेरा युवा भारत, सोनभद्र के वॉलंटियर्स खुशबू रुद्र एवं कार्यालय सहायक राकेश की भी सक्रिय उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को यह संदेश दिया गया कि संविधान का सम्मान केवल एक दिवस तक सीमित न रहकर हमारे दैनिक जीवन, व्यवहार एवं कार्यों में भी दिखाई देना चाहिए। संविधान के आदर्शों को आत्मसात करते हुए अपने मौलिक कर्तव्यों का निर्वहन करना, सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध जागरूकता फैलाना तथा नशामुक्त एवं सशक्त समाज के निर्माण में योगदान देना ही एक जिम्मेदार युवा की पहचान है।

