51 हजार दीपों से जगमगाया रेणुका घाट, देव दीपावली महोत्सव में एक से एक रंगोलियों ने बिखेरी छटा.पूर्वा टाइम्स – भोला प्रसाद गुप्ता
सोनभद्र -ओबरा स्थित रेणुका नदी छठ घाट पर मंगलवार को सामाजिक प्रगति परिषद की ओर से भव्य देव दीपावली महोत्सव का आयोजन किया गया। धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक जागरूकता के संगम इस महोत्सव में सैकड़ों बच्चों ने रंगोली प्रतियोगिता में हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। वहीं 51 हजार दीपों के प्रज्ज्वलन और काशी से आए विद्वान पंडितों द्वारा मां रेणुका की महाआरती के साथ महोत्सव का मुख्य आयोजन निर्धारित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री संजीव सिंह गोंड, पूर्व सांसद नरेंद्र कुशवाहा तथा विशिष्ट अतिथि नगर पंचायत अध्यक्ष चांदनी देवी, श्रवण पासवान, सभासद संजय कन्नौजिया और अमित गुप्ता मौजूद रहे। अतिथियों ने संस्था के मुख्य संरक्षक एवं पूर्व विधान परिषद सदस्य स्वर्गीय जयप्रकाश चतुर्वेदी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। गौरतलब है कि ओबरा का देव दीपावली महोत्सव इस वर्ष अपने 11वें वर्ष में प्रवेश कर गया। इस अवसर पर सैकड़ों बच्चों ने रंगोली प्रतियोगिता में भाग लेकर विभिन्न संदेशपरक कलाकृतियां तैयार कीं। रंगोलियों के माध्यम से सड़क सुरक्षा, यातायात नियमों के पालन, पर्यावरण प्रदूषण, स्वास्थ्य और महिला सशक्तिकरण जैसे महत्वपूर्ण सामाजिक विषयों को आकर्षक ढंग से प्रस्तुत किया गया।
शिक्षा निकेतन इंटरमीडिएट कॉलेज के विद्यार्थियों ने मतदाता जागरूकता और वर्ष 2026 के निर्वाचन संबंधी विषयों को रंगोली के माध्यम से प्रदर्शित किया। वहीं एक अन्य समूह ने अटूट प्रेम और धार्मिक मान्यताओं पर आधारित रंगोलियां बनाकर भारतीय सांस्कृतिक विरासत की झलक प्रस्तुत की। रंग-बिरंगी रंगोलियों के चारों ओर मिट्टी के दीपों की सजावट ने घाट की सुंदरता में चार चांद लगा दिए।
रंगोली प्रतियोगिता के विजेताओं को मिला पुरस्कार-:
प्रतियोगिता में डिवाइन क्रिएशन ग्रुप ने प्रथम स्थान प्राप्त कर 11 हजार रुपये का पुरस्कार जीता। किड्स केयर इंग्लिश स्कूल को द्वितीय स्थान के लिए 5100 रुपये तथा शिक्षा निकेतन इंटरमीडिएट कॉलेज को तृतीय स्थान के लिए 2100 रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई।
आयोजन समिति ने बताया कि पूर्व एमएलसी जयप्रकाश चतुर्वेदी के निधन के कारण उन्हें श्रद्धांजलि स्वरूप इस वर्ष सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित नहीं करने का निर्णय लिया गया। महोत्सव के आयोजन में संरक्षक पंकज राय, अनिल राय, दीपक वर्मा, राहुल गुप्ता, आलोक पांडेय, अधिवक्ता उमेश चंद्र शुक्ला, अध्यक्ष आशुतोष यादव, संयोजक अक्षय पांडेय तथा कार्यक्रम संचालक अभिषेक अग्रहरी और अभिषेक सेठ सहित सभासद आनंद जायसवाल, राकेश पासवान, समीर माली, कुमार सौरभ सिंह, मंगलेश यादव, रिजवान अहमद, अभिनव सिंह, सिद्धांत पटेल, विकास पाठक, प्रेम सागर, प्रिंस शर्मा, विभूति शुक्ला और विक्की जायसवाल सहित सैकड़ों कार्यकर्ताओं का योगदान रहा। परिषद के संस्थापक सुशील मिश्रा संग्राम और आयोजक अरविंद सोनी ने सभी अतिथियों एवं श्रद्धालुओं के प्रति आभार व्यक्त किया। नगर पंचायत की ओर से साफ-सफाई, पेयजल और सार्वजनिक शौचालय की व्यवस्था कराई गई। वहीं पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा एवं भीड़ प्रबंधन की निगरानी की गई। कार्यक्रम के दौरान पुलिस क्षेत्राधिकारी प्रभात राय और थाना प्रभारी प्रणय प्रसून श्रीवास्तव पुलिस बल के साथ मौजूद रहे।
काशी के विद्वानों ने की मां रेणुका की महाआरती-:
महोत्सव का प्रमुख आकर्षण 51 हजार दीपों का प्रज्ज्वलन और काशी से आमंत्रित विद्वान पंडितों द्वारा मां रेणुका नदी की महाआरती रही। दीपों से जगमगाते घाट और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच होने वाली आरती ने श्रद्धालुओं के लिए आध्यात्मिक वातावरण तैयार किया। रेणुका घाट पर आयोजित यह महोत्सव धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक जागरूकता और सांस्कृतिक एकता का संदेश देता नजर आया।

