28 एवं 29 नवंबर को सभी बूथों पर चलेगा मतदाता सूची पुनरीक्षण विशेष अभियान-जिलाधिकारी
कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची में नाम दर्ज होने से न रहे वंचित, राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि करें सहयोग-जिलाधिकारी
विशेष अभियान के दौरान सभी बूथों पर उपस्थित रहेंगे बीएलओ, मतदाता सूची पढ़कर भी सुनाई जाएगी
पूर्वा टाइम्स – ब्यूरो
सोनभद्र -जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी चर्चित गौड़ की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभागार में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ मतदाता सूची पुनरीक्षण विशेष अभियान के संबंध में बैठक आयोजित की गई। बैठक में नए मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में शामिल करने तथा कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची में नाम दर्ज होने से वंचित न रह जाए, इस संबंध में विस्तार से चर्चा की गई। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने उपस्थित राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए बताया कि आगामी 28 एवं 29 नवंबर को मतदाता सूची पुनरीक्षण विशेष अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान जनपद के सभी मतदेय स्थलों पर बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) उपस्थित रहेंगे तथा प्रत्येक बूथ पर मतदाता सूची भी उपलब्ध रहेगी। अभियान के दौरान नए मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में दर्ज करने की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही मतदाता सूची को पढ़कर सुनाया भी जाएगा, जिससे मतदाता अपने नाम की पुष्टि कर सकें। जिलाधिकारी ने कहा कि जिन पात्र मतदाताओं के नाम अभी तक मतदाता सूची में दर्ज नहीं हो पाए हैं, वे इस विशेष अभियान का लाभ उठाते हुए अपना नाम मतदाता सूची में अवश्य दर्ज कराएं। उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपील की कि वे अपने स्तर से भी लोगों को जागरूक करें, ताकि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची में नाम दर्ज होने से वंचित न रहे। उन्होंने बीएलओ को भी अभियान के दौरान सक्रिय भूमिका निभाने तथा मतदाताओं को आवश्यक सहयोग प्रदान करने के निर्देश दिए। इस मैके पर मान्याता प्राप्त राजनैतिक दलो के प्रतिनिधि भाजपा से श्री शम्भू नारायण सिंह जिला उपाध्यक्ष, समाजवादी पार्टी के अनिल प्रधान जिला कार्यालय प्रभारी, अपना दल एस के नीरज सिंह पटेल जिला मीडिया सचिव, बहुजन समाज पार्टी श्याम लाल एवं श्रवण कुमार, सी0पी0आई0 एम नन्दलाल आर्य जिला मंत्री, आम आदमी पार्टी के श्री रमेश गौतम जिलाध्यक्ष,।
बैठक में सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी जगरूप पटेल, अपर जिला सूचना अधिकारी विनय कुमार सिंह सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।

