राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय ओबरा,में राष्ट्रीय हर्षोल्लास के साथ मनाया गया राष्ट्रीय एकता दिवस
पूर्वा टाइम्स – ब्यूरो
ओबरा(सोनभद्र)।लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल जी की जयंती के अवसर पर दिनांक 31 अक्टूबर 2026 शनिवार को राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, ओबरा, सोनभद्र में राष्ट्रीय एकता दिवस हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. प्रमोद कुमार जी द्वारा सरदार वल्लभभाई पटेल जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय के एनसीसी अधिकारी (ANO) डॉ. योगेंद्र लाल वर्मा ने भी सरदार पटेल जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। तत्पश्चात एनसीसी कैडेट्स एवं महाविद्यालय के उपस्थित छात्र-छात्राओं को राष्ट्रीय एकता दिवस की शपथ दिलाई गई। इसके उपरांत एनसीसी यूनिट के कैडेट्स द्वारा ‘रन फॉर यूनिटी’ का आयोजन किया गया। इस दौरान कैडेट्स ने विभिन्न प्रेरणादायक नारों के साथ दौड़ लगाई। इनमें प्रमुख रूप से “एक भारत, श्रेष्ठ भारत”, “भारत माता की जय”, “न रुकेंगे, न झुकेंगे, एकता की राह पर चलेंगे” तथा “सरदार पटेल के सपनों का अखंड भारत बनाएंगे” जैसे नारों से वातावरण गुंजायमान रहा। कार्यक्रम की अगली कड़ी में राष्ट्रीय एकता एवं सरदार पटेल जी के योगदान के प्रति जागरूकता उत्पन्न करने के उद्देश्य से निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। साथ ही “राष्ट्रीय एकता: विविधता एक ताकत या चुनौती” विषय पर वाद-विवाद प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया तथा अपने विचार प्रस्तुत किए। इस अवसर पर महाविद्यालय के एनसीसी कैडेट्स, छात्र-छात्राएं एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे। संपूर्ण कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में राष्ट्रीय एकता, अखंडता, आपसी सौहार्द एवं राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना को प्रोत्साहित करना रहा।

