डीएम की जनसुनवाई में बदली उम्मीद की तस्वीर, कच्चे मकान की समस्या लेकर पहुंची महिला का आवास हुआ स्वीकृत

जनसुनवाई में त्वरित कार्रवाई से मिली राहत, आवास स्वीकृत होने पर महिला ने जताया आभार

बरसात में टपकती थी कच्चे मकान की छत, अब पक्के आशियाने की उम्मीद से चेहरे पर आई मुस्कान

पूर्वा टाइम्स – ब्यूरो

सोनभद्र -जिलाधिकारी की जनसुनवाई में फरियाद लेकर पहुंची ग्राम सलखन बैरीहवा टोला, विकासखंड रॉबर्ट्सगंज निवासी रासे पत्नी मदन की आवास संबंधी समस्या का तत्काल समाधान कराया गया। महिला ने जिलाधिकारी के समक्ष प्रार्थना पत्र प्रस्तुत करते हुए बताया कि वह कच्चे मकान में निवास करती हैं। बरसात के दौरान मकान की छत टपकने से उन्हें और उनके परिवार को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
महिला की समस्या सुनने के बाद जिलाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए परियोजना निदेशक, डीआरडीए को पात्रता के अनुसार तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी के निर्देश के क्रम में संबंधित अधिकारियों द्वारा तत्काल प्रक्रिया पूरी कराते हुए महिला का आवास स्वीकृत कराया गया।
जनसुनवाई के दौरान ही आवास स्वीकृत होने की जानकारी मिलने पर महिला के चेहरे पर संतोष और खुशी साफ दिखाई दी। उन्होंने जिलाधिकारी एवं जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी समस्या का इतनी जल्दी समाधान होने से उन्हें बड़ी राहत मिली है।
कच्चे मकान में बरसात के दौरान होने वाली परेशानी से अब उन्हें निजात मिलने और अपने परिवार के लिए सुरक्षित आवास मिलने की उम्मीद जगी है। जनसुनवाई में हुई यह त्वरित कार्रवाई जरूरतमंद परिवारों के लिए शासन की योजनाओं को वास्तविक लाभ तक पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई में आने वाले प्रत्येक फरियादी की समस्या को संवेदनशीलता से सुना जाए तथा पात्र मामलों में नियमानुसार समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
जनसुनवाई में महिला की समस्या का तत्काल समाधान प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी एवं संवेदनशील प्रशासन की मंशा के अनुरूप जरूरतमंदों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *