अत्यधिक वर्षा को लेकर जिलाधिकारी ने जारी की एडवाइजरी, अधिकारी पूर्ण अलर्ट मोड में रहें
नदी-नालों, बांधों एवं जलाशयों पर सतत निगरानी के निर्देश, संवेदनशील क्षेत्रों में तत्काल कार्रवाई पर जोर
जिलाधिकारी की अपील बरसात में नदी-नालों एवं जलधाराओं के पास जाने से बचें, सुरक्षा को दें सर्वोच्च प्राथमिकता*
पूर्वा टाइम्स – ब्यूरो
सोनभद्र -जनपद में लगातार हो रही अत्यधिक वर्षा तथा आगामी दिनों में भी भारी वर्षा की संभावना के दृष्टिगत जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने जनपद में एडवाइजरी जारी करते हुए सभी संबंधित अधिकारियों को पूर्ण सतर्कता एवं अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारी ने सभी उप जिलाधिकारियों, क्षेत्राधिकारियों, जिला पंचायत राज अधिकारी एवं आपदा प्रबंधन टीमों को निरंतर क्षेत्र में भ्रमणशील रहते हुए वर्षा एवं जलस्तर की स्थिति पर पैनी नजर बनाए रखने के निर्देश दिए हैं।
जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि सभी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में नदियों, नालों, जलाशयों, बांधों एवं अन्य संवेदनशील जल निकायों की स्थिति का मौके पर निरंतर निरीक्षण करते रहें। राजस्व, पुलिस एवं आपदा प्रबंधन की टीमों को सक्रिय रखते हुए किसी भी अप्रिय स्थिति की सूचना प्राप्त होते ही तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
लगातार वर्षा के कारण पुराने एवं जर्जर मकानों के गिरने, पेड़ों के गिरने, जलभराव तथा अन्य वर्षाजनित दुर्घटनाओं की संभावना को देखते हुए संवेदनशील स्थानों को चिन्हित कर वहां विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। आवश्यकता पड़ने पर संवेदनशील क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को समय रहते सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
जिलाधिकारी ने ग्राम स्तर पर ग्राम प्रधान, लेखपाल, सचिव, पंचायत सहायक एवं अन्य फील्ड कर्मियों के माध्यम से व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। नगरीय क्षेत्रों में भी संबंधित निकायों एवं फील्ड टीमों के माध्यम से नागरिकों को सावधानी बरतने के लिए जागरूक किया जाएगा।
सोन नदी एवं बांधों के जलस्तर पर विशेष निगरानी
जिलाधिकारी ने सोन नदी, रिहंद जलाशय एवं अन्य प्रमुख जलाशयों के जलस्तर की निरंतर निगरानी के निर्देश दिए हैं। बाणसागर डैम से डिस्चार्ज बढ़ाए जाने की सूचना के दृष्टिगत सोन नदी के जलस्तर पर विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है। रिहंद डैम के गेट वर्तमान में बंद होने के बावजूद संबंधित अधिकारियों को जलस्तर की स्थिति पर लगातार नजर बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।
जिलाधिकारी की जनपदवासियों से अपील
जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने जनपदवासियों से अपील की है कि अत्यधिक वर्षा के दौरान विशेष सावधानी बरतें और अनावश्यक रूप से नदी, नाले, जलधाराओं, जलाशयों एवं बांधों के आसपास न जाएं। बच्चों एवं परिवार के अन्य सदस्यों को भी ऐसे स्थानों पर जाने से रोकें। बरसात के दौरान जलधाराओं का बहाव अचानक तेज हो सकता है, जिससे दुर्घटना की संभावना बनी रहती है।
उन्होंने कहा कि नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी प्रकार की असामान्य स्थिति, जलभराव या दुर्घटना की सूचना तत्काल संबंधित प्रशासनिक/पुलिस अधिकारियों को दें। प्रशासन द्वारा स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और सभी संबंधित टीमें पूरी सतर्कता के साथ फील्ड में सक्रिय हैं।


