नवीन व्यवस्था अन्तर्गत सी0एम0 डैशबोर्ड के माध्यम से मुख्य विकास अधिकारी ने की विकास कार्यों की समीक्षा बैठक
पूर्वा टाइम्स – समाचार
सोनभद्र -मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी ने आज कलेक्ट्रेट सभागार में नवीन व्यवस्था अन्तर्गत सी0एम0 डैशबोर्ड के माध्यम से विकास कार्यों की समीक्षा की। समीक्षा के दौरान उन्होंने कहा कि जिन विभागों को शासन द्वारा जो भी लक्ष्य निर्धारित किया गया है, वह उसका शत-प्रतिशत निर्धारित समय अवधि में पूर्ण करना सुनिश्चित करें,
समीक्षा के दौरान मुख्य विकास अधिकारीन ने विभिन्न विभागों द्वारा कराए जा रहे निर्माण कार्यों एवं परियोजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की। जिन विभागों की निर्माण परियोजनाओं की प्रगति धीमी पाई गई, उनके संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि निर्माण कार्यों में तेजी लाई जाए और निर्धारित समयसीमा में कार्यों को गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों में अनावश्यक विलंब अथवा लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय करते हुए कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देशित किया कि पूर्ण हो चुकी परियोजनाओं को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए तथा हैंडओवर की प्रक्रिया में किसी भी स्तर पर शिथिलता न बरती जाए। मुख्य विकास अधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि सीएम डैशबोर्ड पर प्रदर्शित योजनाओं की प्रगति की नियमित समीक्षा करते हुए कम प्रगति वाले संकेतकों में तत्काल सुधार सुनिश्चित करें। शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं एवं विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा आवश्यकता पड़ने पर संबंधित अधिकारियों एवं कार्मिकों की जवाबदेही तय करते हुए कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मुकुल आनन्द पाण्डेय, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी सुधांशु शेखर शर्मा, डी0सी0 मनरेगा रविन्द्र वीर सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक जय राम सिंह, परियोजना निदेशक डी0आर0डी0ए0 एस0के0 राय, जिला समाज कल्याण अधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह भदौरिया सहित अन्य सम्बन्धितगण उपस्थित रहें।


