नमो मैराथन में दिखा युवाओं का जुनून, मुकेश-सुमन पटेल बने चैंपियन
पूर्वा टाइम्स -आनन्द कुमार चौबे
सोनभद्र । आदिवासी बाहुल्य सोनभद्र की धरती ने एक बार फिर अपनी युवा ऊर्जा और खेल प्रतिभा का दम दिखाया। मौका था जन कल्याण सेवा समिति की ओर से आयोजित नमो मैराथन का, जहां दौड़ के ट्रैक पर जिले के युवाओं ने ऐसी रफ्तार भरी कि हर कदम के साथ उनका आत्मविश्वास और हौसला नजर आया। फिटनेस, खेल और प्रतिस्पर्धा के इस आयोजन में 418 बालक और 215 बालिकाओं समेत कुल 633 प्रतिभागियों ने हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
मैराथन में प्रतिभागियों का उत्साह देखते ही बन रहा था। जीत की जिद और कुछ कर गुजरने के जुनून के साथ प्रतिभागियों ने दौड़ लगाई। कोई आगे निकलने के लिए पूरी ताकत झोंकता नजर आया तो कोई अंतिम क्षण तक मुकाबले में डटा रहा। आयोजन स्थल पर युवाओं की यह ऊर्जा सोनभद्र में खेल प्रतिभाओं की मौजूदगी का जीवंत प्रमाण बनी।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राज्य मंत्री एवं सोनभद्र प्रभारी हंसराज विश्वकर्मा तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में राज्य मंत्री संजीव कुमार गौड़, भाजपा जिलाध्यक्ष नंदलाल गुप्ता और भाजपा सोनभद्र प्रभारी अनिल सिंह मौजूद रहे।
मुकेश और सुमन पटेल ने मारी बाजी –
मैराथन के बालक वर्ग में मुकेश ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। विनोद चौहान दूसरे और विक्रम सिंह तीसरे स्थान पर रहे। वहीं बालिका वर्ग में सुमन पटेल ने बाजी मारते हुए पहला स्थान हासिल किया। खुशबू पाल दूसरे और आकांक्षा यादव तीसरे स्थान पर रहीं।
विजेताओं का उत्साह बढ़ाते हुए प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को 21 हजार रुपये, द्वितीय स्थान पाने वालों को 11 हजार रुपये और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को 5100 रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई।
इसके अलावा दोनों वर्गों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले 21 अन्य प्रतिभागियों को 1100-1100 रुपये एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। पुरस्कार पाने वाले बालक-बालिकाओं को प्रशस्ति पत्र और पानी की बोतल भी प्रदान की गई, जबकि मैराथन में शामिल सभी प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र देकर उनका हौसला बढ़ाया गया।
फिट इंडिया के संदेश को युवाओं तक पहुंचाने का प्रयास –
मुख्य अतिथि हंसराज विश्वकर्मा ने कहा कि नमो मैराथन देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की फिट इंडिया की सोच पर आधारित है। इसका उद्देश्य युवाओं को शारीरिक रूप से स्वस्थ रखने के साथ उन्हें देश के विकास में सहभागी बनने के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने जन कल्याण सेवा समिति के इस प्रयास को सोनभद्र के युवाओं के लिए सराहनीय पहल बताया।
राज्य मंत्री संजीव कुमार गौड़ ने कहा कि लगातार दूसरे वर्ष आयोजित हो रही नमो मैराथन से जनपद के युवाओं में दौड़ और खेल के प्रति जागरूकता बढ़ी है। ऐसी प्रतियोगिताएं बच्चों और युवाओं के भीतर खुद को साबित करने का जज्बा पैदा करती हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन निरंतर होते रहने चाहिए, ताकि सोनभद्र की युवा प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का मंच मिलता रहे।
भाजपा जिलाध्यक्ष नंदलाल गुप्ता और भाजपा सोनभद्र प्रभारी अनिल सिंह ने कहा कि जन कल्याण सेवा समिति की ओर से आयोजित नमो मैराथन जिले में खेल संस्कृति को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे युवाओं में खेल के प्रति आकर्षण बढ़ेगा और बेहतर प्रदर्शन कर आगे बढ़ने की प्रतिस्पर्धात्मक भावना भी विकसित होगी।
युवाओं के जोश ने दिया बड़ा संदेश –
कार्यक्रम की अध्यक्षता समिति के सचिव धर्मबीर तिवारी ने की, जबकि संचालन चुर्क मंडल भाजपा अध्यक्ष दिलीप चौबे ने किया। इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष मीरा देवी, कोषाध्यक्ष अरविंद पांडे, मनीष अग्रहरि, कृष्णा मुरारी गुप्ता, आनंद मिश्रा, श्याम द्विवेदी, संजय सिंह, पंकज ओझा, अंशु चौबे, विनोद सोनी, रवि तिवारी, योगेश सिंह, अनूप पांडे, अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी एवं कोच संजय सिंह, महिला नेशनल खिलाड़ी एवं कोच रजनी अग्रहरि सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी, खिलाड़ी, कार्यकर्ता और प्रतिभागी मौजूद रहे।


