पूर्वा टाइम्स – समाचारसोनभद्र -उ०प्र० राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण लखनऊ द्वारा जारी एक्शन प्लान के अनुसार एवं जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, सोनभद्र रामसुलीन सिंह के आदेशानुसार आज दिनांक 14.09.2026 को हिंदी दिवस के अवसर पर जागरूकता एवं साक्षरता शिविर का आयोजन संतकीनाराम महिला महाविद्यालय में आयोजित किया गया। उक्त शिविर में विद्यालय के प्राचार्य गोपाल सिंह एवं वक्ता शमशेर बहादुर सिंह चीफ लीगल एड डिफेन्स कॉउन्सिल तथा लगभग 160 छात्राओं द्वारा प्रतिभाग किया गया।कार्यक्रम के दौरान शमशेर बहादुर द्वारा बताया गया कि वर्ष 1918 में गांधी जी ने हिंदी साहित्य सम्मेलन में हिंदी भाषा को राजभाषा बनाने को कहा था। इसे गांधी ने जनमानस की भाषा भी कहा था। 14 सितंबर 1949 को संविधान सभा ने देवनागरी लिपि में लिखी गई हिन्दी को राजभाषा (आधिकारिक भाषा) के रुप में स्वीकार किया था, तब से प्रत्येक वर्ष 14 सितम्बर को हिन्दी दिवस के रुप में मनाया जाता है। इस दिवस को मनाये जाने का मुख्य उद्देश्य अग्रेंजी भाषा के बढ़ते प्रभाव के बीच देश में हिंदी भाषा के प्रचार-प्रसार, सम्मान और उसके प्रति जागरूकता बढ़ाना है। इसका मुख्य उद्देश्य वर्ष में एक दिन इस बात को लोगों के समक्ष रखना है कि जब तक वे हिन्दी का उपयोग पूर्ण रूप से नहीं करेंगे तब तक हिन्दी भाषा का विकास नहीं हो सकता है। इस एक दिन सभी सरकारी कार्यालयों में अंग्रेजी के स्थान पर हिन्दी का उपयोग करने की सलाह दी जाती है। इसके अतिरिक्त जो वर्ष भर हिन्दी में अच्छे विकास कार्य करता है और अपने कार्य में हिन्दी का अच्छी तरह से उपयोग करता है, उसे पुरस्कार द्वारा सम्मानित किया जाता है।इसके अलावा नालसा स्कीम, नशे से होने वाली बीमारियों तथा मद्य निषेध के संबंध में, महिलाओं के कल्याण के लिए बने कानूनों, उपभोक्ताओं के अधिकार एवं इसके लिए बनाये गये उपभोक्ता फोरम की कार्य प्रणाली तथा वृद्धजनों को विधिक सेवा देने के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा उठाये गये प्रयासों के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गयी।यह जानकारी राहुल, सिविल जज सी0डि0/सचिव (पूर्णकालिक) जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, सोनभद्र द्वारा दी गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *