जंगली सुअर के दो बच्चों के शिकार में शिकारी गिरफ्तार, गुरमा जेल भेजा गया.पूर्वा टाइम्स – समाचार

सोनभद्र -कैमूर वन्य जीव विहार चुर्क के अंतर्गत रॉबर्ट्सगंज रेंज की वन विभाग की टीम ने अभयारण्य क्षेत्र में गश्त के दौरान जंगली सुअर के दो मादा बच्चों के शिकार के मामले में एक शिकारी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक कार्रवाई के बाद गुरमा जेल भेज दिया गया, जबकि मामले में शामिल अन्य वांछित आरोपियों की तलाश जारी है। वन विभाग के अनुसार, 12 सितंबर 2026 को रॉबर्ट्सगंज रेंज की टीम राजपुर कक्ष संख्या-3 जंगल (अभयारण्य क्षेत्र) में गश्त कर रही थी। इसी दौरान टीम को शिकार से संबंधित गतिविधि की जानकारी मिली। कार्रवाई करते हुए वनकर्मियों ने मौके से प्रेमनाथ पुत्र संत निवासी कोलकांडी केरवा, थाना शाहगंज, सोनभद्र को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी की कार्रवाई रॉबर्ट्सगंज रेंज की रेंजर श्रद्धा त्रिपाठी के नेतृत्व में की गई। टीम में वन दरोगा यादवेंद्र दत्त मिश्र, शिवम सिंह और राणा प्रताप सिंह शामिल रहे। वन विभाग की टीम ने शिकार से संबंधित सामग्री और जंगली सुअर के दो मादा बच्चों के मामले में आरोपी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की। वन विभाग अधिकारियों के मुताबिक अभयारण्य क्षेत्र में वन्यजीवों के शिकार पर पूरी तरह प्रतिबंध है। वन्यजीवों की सुरक्षा और अवैध शिकार पर अंकुश लगाने के लिए लगातार जंगलों में गश्त और निगरानी की जा रही है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि वन क्षेत्र में अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। गिरफ्तार आरोपी को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद गुरमा जेल भेज दिया गया है। वहीं, इस मामले में शामिल बताए जा रहे अन्य वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए वन विभाग की ओर से कार्रवाई जारी है। वन विभाग की इस कार्रवाई से जंगल में अवैध शिकार करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *