अपना दल (एस) के जिला समागम में उमड़ा कार्यकर्ताओं का हुजूम, 2027 के लिए संगठन मजबूत करने पर जोर.

पूर्वा टाइम्स – समाचार

सोनभद्र -निजी लॉन में रविवार को अपना दल (एस) के जिला समागम सम्मेलन में कार्यकर्ताओं का भारी हुजूम उमड़ा। जिले के चारों विधानसभा क्षेत्रों से हजारों की संख्या में पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक सम्मेलन में पहुंचे। पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल का कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से भव्य स्वागत किया। सम्मेलन में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर पूरी ताकत के साथ मैदान में उतरने का आह्वान किया गया। पदाधिकारियों ने कार्यक्रम में पार्टी के संस्थापक डॉ. सोनेलाल पटेल को याद करते हुए उनके संघर्ष और विचारों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया गया। पदाधिकारियों ने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव और घर-घर संगठन को मजबूत करने के साथ प्रत्येक घर पर पार्टी का झंडा लगाने का आह्वान किया। विधानसभा प्रभारियों को भी इस अभियान को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी दी गई। अनुप्रिया पटेल ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि सोनभद्र के नेताओं, कार्यकर्ताओं और शुभचिंतकों की मेहनत से इतना बड़ा कार्यक्रम संभव हुआ है। बुजुर्गों, माताओं-बहनों, बेटियों और युवाओं की भारी मौजूदगी पार्टी के प्रति उनके गहरे जुड़ाव को दर्शाती है। उन्होंने लंबे समय से पार्टी के संघर्ष से जुड़े कार्यकर्ताओं का जिक्र करते हुए कहा कि इन्हीं कार्यकर्ताओं ने अपना पूरा जीवन संगठन को मजबूत करने में लगा दिया। नींव के पत्थरों की तरह इन कार्यकर्ताओं ने पार्टी की इमारत को बुलंद किया है। उन्होंने कहा कि अपना दल (एस) सामाजिक न्याय की लड़ाई को लगातार आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। सीमित राजनीतिक ताकत के बावजूद पार्टी ने सरकार में रहते हुए कई महत्वपूर्ण मुद्दों को उठाया और उनके समाधान के लिए संघर्ष किया।आउटसोर्सिंग की नौकरियों में आरक्षण और नीट परीक्षा में ओबीसी आरक्षण लागू कराने के मुद्दे को उन्होंने पार्टी की उपलब्धि बताया। मीडिया से बातचीत में अनुप्रिया पटेल ने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए संगठन को हर जिले में मजबूत किया जा रहा है। एनडीए में शामिल सभी दलों के प्रत्याशी की जीत के लिए अपना दल (एस) का संगठन पूरी ईमानदारी और मजबूती से काम करेगा। डबल इंजन सरकार और अपना दल (एस) की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाया जाएगा। सीटों के बंटवारे को लेकर उन्होंने कहा कि फिलहाल एनडीए में सीट शेयरिंग पर कोई चर्चा नहीं हुई है। सभी दलों के नेतृत्व की बैठक के बाद सीटों का बंटवारा तय होगा। अपना दल (एस) की मांग है कि उसे अधिक से अधिक सीटें मिलें। उन्होंने कहा कि सीटों का फैसला जीत की संभावना और स्थानीय राजनीतिक समीकरणों के आधार पर किया जाएगा। जातीय जनगणना के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के निर्णय से पहले अपना दल (एस) लगातार सड़क से संसद तक इसकी मांग उठाता रहा है। बाद में केंद्र सरकार ने जातीय जनगणना कराने का फैसला लिया। सपा के पीडीए नारे पर निशाना साधते हुए अनुप्रिया पटेल ने कहा कि केवल नारा देने से पिछड़े, दलित और वंचित वर्गों का भला नहीं होता। उन्होंने कहा कि अपना दल (एस) ने नीट में ओबीसी आरक्षण लागू कराने के लिए मजबूती से आवाज उठाई। पार्टी अपने काम और संघर्ष का रिपोर्ट कार्ड लेकर जनता के बीच जाएगी और इसी आधार पर 2027 में समर्थन मांगेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *