प्राथमिक विद्यालय बभनमरी में एसडीएम ओबरा ने परखी पठन-पाठन व्यवस्था
बच्चों से सीधा संवाद कर एसडीएम ने शिक्षक की भूमिका में कराया पठन-पाठन
बच्चों के साथ बैठकर किया मिड डे मील, चेहरे पर दिखी खुशी
पूर्वा टाइम्स – समाचार
सोनभद्र। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ के निर्देशन में जनपद में संचालित परिषदीय विद्यालयों में शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने तथा बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विद्यालयों के नियमित निरीक्षण किए जा रहे हैं। इसी क्रम में उप जिलाधिकारी ओबरा द्वारा विकास खण्ड चोपन स्थित प्राथमिक विद्यालय बभनमरी का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी ने विद्यालय में बच्चों को दी जा रही पठन-पाठन व्यवस्था का जायजा लिया तथा कक्षा में पहुंचकर बच्चों से सीधे संवाद किया। उन्होंने बच्चों से उनकी पढ़ाई, विषयों की समझ एवं विद्यालय में मिलने वाली सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली। बच्चों के साथ सहज संवाद करते हुए उन्होंने स्वयं शिक्षक की भूमिका में पठन-पाठन कराया और उनकी शैक्षणिक समझ को परखा।
इस दौरान उप जिलाधिकारी ने विद्यालय में बच्चों को उपलब्ध कराए जा रहे मिड डे मील की गुणवत्ता एवं व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। उन्होंने बच्चों के साथ बैठकर स्वयं मिड डे मील का भोजन किया। अधिकारी को अपने बीच बैठकर भोजन करते देखकर बच्चे काफी उत्साहित और प्रसन्न नजर आए। इस अवसर पर बच्चों के चेहरों पर खुशी और उत्साह स्पष्ट रूप से दिखाई दिया।
उप जिलाधिकारी ने विद्यालय में स्वच्छता, अनुशासन, शिक्षण व्यवस्था एवं बच्चों को उपलब्ध कराई जा रही मूलभूत सुविधाओं का भी जायजा लिया तथा विद्यालय स्टाफ को शासन की मंशा के अनुरूप बच्चों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।


