दिव्यांग बच्चों की शिक्षा के साथ कौशल विकास पर भी दें विशेष ध्यान-मुख्य विकास अधिकारीमुख्य विकास अधिकारी ने बचपन डे केयर सेन्टर का किया निरीक्षण

शिक्षण-प्रशिक्षण, मध्यान्ह भोजन एवं बच्चों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की ली जानकारी

पूर्वा टाइम्स – समाचार

सोनभद्र -मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी ने दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग द्वारा संचालित बचपन डे केयर सेन्टर, एल-2 भवन, लोढ़ी का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सेन्टर में अध्ययनरत दिव्यांग बच्चों की शिक्षण-प्रशिक्षण व्यवस्था एवं उन्हें उपलब्ध कराई जा रही विभिन्न सुविधाओं की जानकारी ली। मुख्य विकास अधिकारी ने कक्षाओं का निरीक्षण करते हुए बच्चों की शैक्षणिक गतिविधियों एवं प्रशिक्षण की प्रगति के संबंध में अध्यापकों से जानकारी प्राप्त की। उन्होंने बच्चों को दिए जाने वाले मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता का भी अवलोकन किया तथा ड्रेस, बैग, कॉपी-किताब सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता के संबंध में जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देश दिए कि बचपन डे केयर सेन्टर का संचालन नियमित एवं बेहतर ढंग से सुनिश्चित किया जाए। दिव्यांग बच्चों की शैक्षणिक आवश्यकताओं के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण शिक्षण-प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के साथ ही उनकी प्रतिभा एवं कौशल को विकसित करने के लिए नवाचार आधारित गतिविधियों और अन्य प्रभावी प्रयासों को बढ़ावा दिया जाए, जिससे बच्चे अधिक सक्षम एवं आत्मनिर्भर बन सकें। इस अवसर पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मुकुल आनन्द पाण्डेय, जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी दिव्यां शुक्ला, बचपन डे केयर सेन्टर के समन्वयक राहुल कुमार सिंह सहित समस्त अध्यापक एवं कार्मिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *