सोनभद्र ओबरा के सेक्टर 8 राजकुमारी मोहल्ला में 15 वर्षों से रुका शिव मंदिर निर्माण कार्य हुआ शुरू, श्रद्धालुओं में हर्ष की लहर
महामंडलेश्वरी श्री श्री 1008 सरितानंद गिरि जी महाराज के पावन मार्गदर्शन में संपन्न होगा मंदिर निर्माण कार्य
15 वर्षों का लंबा इंतजार खत्म भव्य भोलेनाथ मंदिर निर्माण को लेकर क्षेत्रवासियों में भारी उत्साह
साधु-संत समाज के धरोहर हैं, उनका जीवन सदैव धर्म और समाज कल्याण के लिए समर्पित स्थानीय नागरिक –
पूर्वा टाइम्स – भोला प्रसाद गुप्ता
सोनभद्र -ओबरा ऊर्जा अंचल सोनभद्र के ओबरा नगर पंचायत स्थित सेक्टर 8, राजकुमारी मोहल्ला में पिछले 15 वर्षों से अधूरा पड़ा शिव मंदिर निर्माण का सपना अब साकार होने जा रहा है। क्षेत्रवासियों के लंबे इंतजार और अथक प्रयासों के बाद भगवान भोलेनाथ के भव्य मंदिर निर्माण का कार्य विधिवत रूप से प्रारंभ हो गया है, जिससे पूरे क्षेत्र में खुशी और भक्तिमय माहौल है। यह पावन एवं भगीरथ कार्य पूज्य महामंडलेश्वरी श्री श्री 1008 सरितानंद गिरि जी महाराज के दिव्य मार्गदर्शन और आशीर्वाद से संपन्न होने जा रहा है। स्थानीय नागरिकों ने बताया कि ओबरा के सेक्टर 8 स्थित राजकुमारी मोहल्ला में पिछले 15 वर्षों से मंदिर निर्माण का कार्य किसी न किसी कारणवश रुका हुआ था। श्रद्धालु लगातार इस स्थान पर प्रभु भोलेनाथ के दिव्य मंदिर की स्थापना के लिए प्रयासरत थे। अब महामंडलेश्वरी सरितानंद गिरि जी महाराज के पावन मार्गदर्शन से निर्माण कार्य गति पकड़ चुका है और शीघ्र ही भव्य मंदिर बनकर तैयार होगा। मंदिर निर्माण कार्य शुरू होने पर खुशी व्यक्त करते हुए क्षेत्रवासियों ने कहा कि भारत के साधु-संत हमारी सनातन संस्कृति की अमूल्य धरोहर हैं। उनका संपूर्ण जीवन प्रभु भक्ति, मंदिर निर्माण और समाज के कल्याण के लिए समर्पित रहता है। संत समाज के मार्गदर्शन में इस मंदिर का निर्माण होने से न केवल राजकुमारी मोहल्ला, बल्कि पूरे ओबरा क्षेत्र में धार्मिक और आध्यात्मिक चेतना का नया संचार होगा। राजकुमारी मोहल्ले के समस्त निवासियों व सनातन धर्म प्रेमियों ने मंदिर निर्माण कार्य शुरू होने पर प्रसन्नता व्यक्त की है तथा महामंडलेश्वरी जी का आभार जताया है। श्रद्धालु बढ़-चढ़कर इस धार्मिक अनुष्ठान और निर्माण कार्य में अपना सहयोग दे रहे हैं।


