सोनभद्र हिन्दी शॉर्ट फिल्म महामंडलेश्वर की शूटिंग शुरू, पर्दे पर दिखेगी आस्था और समाज सेवा की कहानी
महामंडलेश्वर सरितानंद गिरी जी ने लिखी है कहानी सोनभद्र के धार्मिक व प्राकृतिक स्थलों पर होगी शूटिंग
स्थानीय कलाकारों और क्षेत्र की प्रतिभाओं को मिलेगा बड़ा मंच, फिल्म निर्माण से उत्साह का माहौल
पूर्वा टाइम्स – समाचार
सोनभद्र – ओबरा धार्मिक व सांस्कृतिक विविधताओं से समृद्ध जनपद सोनभद्र की पावन धरा पर कला और सिनेमा के क्षेत्र में एक नया अध्याय जुड़ने जा रहा है। श्री बालाजी महाराज फिल्म के बैनर तले बनने वाली हिन्दी शॉर्ट फिल्म महामंडलेश्वर की शूटिंग का शुभारंभ अत्यंत उत्साहपूर्ण वातावरण में किया गया। इस शॉर्ट फिल्म का निर्देशन जाने-माने निर्देशक ए.के. गुप्ता कर रहे हैं, जबकि फिल्म की मूल कहानी परम पूज्य श्री श्री 1008 महामंडलेश्वर सरितानंद गिरी जी महाराज द्वारा रचित है। फिल्म में स्थानीय प्रोडक्शन का दायित्व अरविन्द शुक्ला संभाल रहे हैं तथा छायांकन (कैमरा) का कार्य सुनील कुमार द्वारा किया जा रहा है। फिल्म महामंडलेश्वर की पटकथा आस्था, त्याग, तपस्या, सनातन संस्कारों और समाज सेवा जैसे अत्यंत महत्वपूर्ण विषयों को केंद्र में रखकर तैयार की गई है। इस शॉर्ट फिल्म के माध्यम से धार्मिक एवं सामाजिक जीवन से जुड़े विभिन्न पहलुओं को एक अत्यंत भावनात्मक, जीवंत और प्रभावशाली अंदाज में दर्शकों के समक्ष प्रस्तुत करने का प्रयास किया जा रहा है। फिल्म निर्माण से जुड़ी टीम का कहना है कि महामंडलेश्वर केवल मनोरंजन का साधन नहीं, बल्कि समाज को एक सकारात्मक दिशा और संदेश देने वाली उद्देश्यपूर्ण कृति साबित होगी।फिल्म की शूटिंग सोनभद्र जिले के विभिन्न प्रमुख धार्मिक स्थलों, प्राकृतिक वादियों और दर्शनीय क्षेत्रों में किए जाने की योजना है। इससे न केवल स्थानीय संस्कृति, परंपराओं और धार्मिक धरोहरों का प्रचार-प्रसार होगा, बल्कि सोनभद्र की अनुपम प्राकृतिक खूबसूरती भी राष्ट्रीय स्तर पर पर्दे पर दिखाई देगी। सोनभद्र की धरती पर इस फिल्म की शूटिंग शुरू होने से क्षेत्रीय कलाकारों और सिनेमा प्रेमियों में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। फिल्म में स्थानीय प्रतिभाओं को अपनी अभिनय क्षमता दिखाने का भरपूर अवसर मिल रहा है।
शॉर्ट फिल्म में मनीष सूद, अरविन्द शुक्ला, अजीत सिंह, विकास अग्रहरि, ओम प्रकाश सिंह, दिलीप दत्ता, आशीष मिश्रा, छोटे लाल मिश्रा सहित कई स्थानीय कलाकार अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। फिल्म निर्माण टीम को पूरी उम्मीद है कि यह फिल्म अपनी बेहतरीन पटकथा और संदेश के बल पर दर्शकों के दिलों में एक खास पहचान बनाएगी।


