दिल्ली के मोती बाग-सत्य निकेतन में इमारत भर भराकर गिरी, मलबे में लोगों के दबे होने की आशंका

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के मोती बाग क्षेत्र के सत्य निकेतन में रविवार दोपहर करीब 1:30 बजे उस समय हड़कंप मच गया, जब शिव मंदिर के पास एक बहुमंजिला इमारत अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
इमारत के मलबे में कई लोगों के फंसे होने की आशंका जताई जा रही है। सूचना मिलते ही दिल्ली फायर सर्विस, पुलिस और राहत-बचाव टीमें मौके पर पहुंचीं। रिपोर्ट के अनुसार दमकल की करीब 12 गाड़ियां रेस्क्यू अभियान में जुटी हैं। एक व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकाले जाने की भी जानकारी सामने आई है।
बताया जा रहा है कि इमारत में पीजी/छात्रों के रहने की व्यवस्था थी, जिसके कारण मलबे में छात्रों के फंसे होने की आशंका ने चिंता और बढ़ा दी है। हालांकि, अभी तक मलबे के नीचे फंसे लोगों की सही संख्या और हताहतों को लेकर आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।
दिल्ली जैसे महानगर में यदि जर्जर या असुरक्षित इमारतें समय रहते चिन्हित नहीं की जातीं, तो ऐसे हादसे किसी बड़ी त्रासदी में बदल सकते हैं। अब सवाल यह है कि इमारत की सुरक्षा जांच हुई थी या नहीं और हादसे की असली वजह क्या रही?
फिलहाल राहत और बचाव अभियान जारी है। प्रशासन की ओर से विस्तृत जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *