अखंड भारत संकल्प दिवस को भव्य रूप से मनाएगा बजरंग दल, न्याय पंचायत स्तर पर होंगे कार्यक्रम।
विश्व हिंदू परिषद की जिला बैठक चोपन में संपन्न, पदाधिकारियों से जन-जन तक संकल्प का संदेश पहुंचाने का आह्वान।
पूर्वा टाइम्स – समाचार
सोनभद्र -चोपन विश्व हिंदू परिषद (विहिप) सोनभद्र की महत्वपूर्ण जिला बैठक मंगलवार को चोपन स्थित जिला अध्यक्ष के कार्यालय पर आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष विद्या शंकर पांडे ने की। बैठक में जिले एवं विभिन्न प्रखंडों के पदाधिकारियों ने भाग लिया और संगठनात्मक गतिविधियों के साथ आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष विद्या शंकर पांडे ने कहा कि 13 एवं 14 अगस्त को बजरंग दल के बैनर तले “अखंड भारत संकल्प दिवस” न्याय पंचायत स्तर पर पूरे उत्साह और गरिमापूर्ण वातावरण में मनाया जाएगा। उन्होंने सभी प्रखंड पदाधिकारियों से अपने-अपने क्षेत्रों में कार्यक्रमों की तैयारी पूरी करने तथा अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि राष्ट्र की जो सीमाएं विभिन्न कारणों से विभाजित हुई हैं, उनका स्मरण समाज को निरंतर कराते रहना आवश्यक है। समाज में इस विषय पर जनजागरण करने और राष्ट्र की एकता एवं अखंडता के प्रति लोगों में संकल्प की भावना जागृत करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि जब यह संदेश जन-जन तक पहुंचेगा, तब राष्ट्र की अखंडता के प्रति व्यापक जनचेतना का निर्माण होगा। इसके लिए प्रत्येक कार्यकर्ता को अखंड भारत के संकल्प को अपने हृदय में धारण कर पूरे समर्पण के साथ समाज के बीच कार्य करना चाहिए। बैठक में प्रांत उपाध्यक्ष जनार्दन जी तथा प्रांत धर्म प्रसार प्रमुख नरसिंह त्रिपाठी की विशेष उपस्थिति रही।दोनों वरिष्ठ पदाधिकारियों ने संगठन की कार्ययोजना सेवा, संस्कार और समाज जागरण के विभिन्न विषयों पर कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया तथा आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए संगठनात्मक मजबूती पर बल दिया। बैठक में जिला उपाध्यक्ष कमलेश दुबे, जिला धर्माचार्य संपर्क प्रमुख बृजेश मोदनवाल, जिला गोरक्षा प्रमुख जयप्रकाशधर दुबे, प्रखंड उपाध्यक्ष नागेश सिंह, प्रखंड मंत्री सोनू मोदनवाल, सह प्रखंड मंत्री श्याम सुंदर निषाद, प्रचार-प्रसार प्रमुख सुजीत शर्मा, गोरक्षा प्रमुख विकास गुप्ता सहित जिले एवं प्रखंडों के अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे बैठक के अंत में सभी पदाधिकारियों ने आगामी अखंड भारत संकल्प दिवस कार्यक्रमों को सफल बनाने तथा समाज के प्रत्येक वर्ग तक राष्ट्रभक्ति, सांस्कृतिक एकता और संगठन के संदेश को पहुंचाने का सामूहिक संकल्प लिया।








